सेवादल प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
नवभारत न्यूज भिण्ड,
आजादी से पहले अंग्रेजों के सहयोगी बन कर दलाली करने वाले आज देश में सत्ताधीश बन कर शासन चला रहे है। जिसके चलते देश का बंटाढार हो रहा है। यह बयान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने शुक्रवार को लहार में चल रहे सेवादल के प्रशिक्षण शिविर के दौरान कही। इस दौरान उन्होने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के बीच फेंकू होने की प्रतिस्पर्धा की बात कही।
आयोजित सेवादल के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि देश के प्रधान और प्रदेश के मुखिया के बीच इन दिनों प्रतिस्पर्धा चल रही है, जिसमें दोंनों एक दूसरे से ज्याद सफल फेंकू बनने में लगे हैं।
उन्होने कहा कि प्रदेश भर की बेटियों के मामा होने का दावा करने वाले शिवराज सिंह चौहान उनका शोषण करने में लगा है। भारत के इतिहास में भी मामाओं द्वारा अपने भांजों के साथ जिस प्रकार का बर्ताव किया गया शिवराज उसी पद्धती पर चल रहे है।
उन्होने कहा कि खुद को महिलाओं और बेटियों का हिमायती बताने वाले सीएम शिवराज के शासन में राज्य महिला अत्याचार के मामले में लगातार ऊपर जा रहा है। जिसके चलते यहां महिलाऐं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
श्री यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि संचार क्रांति के जनक पूर्व पीएम राजीव गांधी के समय टेलीविजन के अस्तित्व में आने पर जो भाजपाई इसका विरोध करते थे वही आज इस तकनीकि का प्रयोग कांग्रेस का विरोध करने में कर रहे हैं।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस सचिव अशोक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रामनारायण हिंडोलिया, मंडी अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह सेंगर, उत्तम सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष छक्कू लाल वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र त्रिपाठी, अमित प्रताप सिंह, नरेश सिंह, धर्मेंद्र भदौरिया उर्फ पिंकी, महेश मिश्रा, केशव सिंह दद्दू, राहुल भदौरिया, खिजर मोहम्मद कुरैशी, सुरेंद्र चौरसिया, वीरेंद्र सिंह, सुरेश गुप्ता आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस में नहीं गद्दारों की जरुरत
इस अवसर पर लहार विधायक डॉ गोविंद सिंह ने सेवादल कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए कहा कि आगामी समय में होने वाले विधान सभा चुनाव के लिए कमर कस कर तैयार रहें। कांग्रेसी राहुल गांधी का साथ देते हुए पार्टी की नीतियों को आम जन तक पहुंचाऐं।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने डॉ सिंह को खरगोन में होने वाले कांग्रेस सम्मेलन में आने का न्यौता दिया तो उन्होने कहा कि यह आमंत्रण उन्हें स्वीकार है लेकिन वहां का कांग्रेस कार्यकर्ता क्या हमारा अनुशासन झेल पाऐगा। क्यों कि कांग्रेस को सौ गद्दारों की फौज नही बल्कि एक वफादार व्यक्ति चाहिए।