इंदौर, मध्यप्रदेश के इंदौर के महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) में उपचार के लिए भर्ती सात वर्षीय दुष्कर्म पीड़ित बालिका के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है।
मंदसौर जिले में 26 जून को बालिका के साथ दुष्कर्म किया गया था। बाद में उसकी हत्या की कोशिश भी की गयी थी। बालिका को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए यहां के एमवायएच में भर्ती कराया गया था।
एमवायएच अधीक्षक डॉ वी एस पाल ने आज एक मेडिकल बुलेटिन जारी करके बताया कि बच्ची के शरीर के विभिन्न हिस्से में आये घाव भर गए हैं। वह चल फिर रही है। रिश्तेदारों से मोबाइल फोन पर बात कर रही है। उसे पौस्टिक भोजन दिया जा रहा है। इस तरह उसकी स्थिति लगभग सामान्य हो गयी है।
अस्पताल से छुट्टी दिए जाने के प्रश्न पर डॉक्टर पाल ने कहा कि चिकित्सकों का दल उसकी पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है और अनुकूल समय आने पर निर्णय लिया जाएगा।