दृढ़ता से आगे बढऩा स्काउट-गाइड की पहचान: राज्यपाल

भोपाल,8 नवम्बर. राज्यपाल राम नरेश यादव ने आज राज भवन में मारूति अकादमी रतलाम के स्काउटस एवं गाइडस के दल को सम्बोधित करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में कठिन रास्तों पर दृढ़ता के साथ आगे बढ़ते जाना ही स्काउट-गाइड की पहचान है.

उन्होंने कहा कि देश के इस लोकतांत्रिक संगठन ने अपने गौरवमयी इतिहास के अनुरूप ही समाज सेवा, जल-संरक्षण, रक्तदान,नेत्रदान, नि:शक्तजनों की सेवा जैसे कार्यों में अपनी पहचान बना ली है. उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड संगठन से ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी और युवाओं को जोड़े जाने की आवश्यकता है.राज्यपाल यादव ने कहा कि बालक और बालिकाओं को न केवल शिक्षा प्राप्त करने के समान अवसर मिल रहे हैं बल्कि स्काउट एवं गाइड जैसे संगठनों में भी बालिकाएँ कंधे से कंधा मिलाकर सेवा के कार्य कर रही हैं. उन्होंने कहा कि अब समाज ने भी इस बदलाव का असर महसूस करना शुरू कर दिया है. राज्यपाल यादव ने सभी बच्चों को स्मृति स्वरूप एक-एक उपहार दिया.

भारत स्काउट-गाइड मध्यप्रदेश जिला संघ रतलाम ग्रुप की वार्षिक हाईक कार्यक्रम के तहत स्काउट गाइड के 48 सदस्यों का दल भोपाल भ्रमण पर आया है. उल्लेखनीय है कि स्काउट-गाइड के बच्चों को एक योजना के तहत प्रदेश के जिलों का भ्रमण करवाया जा रहा है. कार्यक्रम की शुरूआत स्काउट-गाइड के दल ने प्रार्थना के साथ की. राज्यपाल यादव का करतल ध्वनि के बीच बच्चों द्वारा अभिनन्दन किया गया. भारत स्काउट-गाइड के जिला संघ रतलाम के अध्यक्ष  अजय तिवारी ने मारूति अकादमी की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2003 में मारूति अकादमी का गठन किया गया था. स्काउट-गाइड के माध्यम से ग्रामीण बच्चों को शिक्षा देने का काम किया जा रहा है. झुग्गियों में सफाई के प्रति जागरूकता पैदा की जा रही है. कार्यक्रम के दौरान प्रदूषण से मुक्ति, स्वच्छता के प्रति जागरूकता और कचरे के प्रबंधन जैसे कार्य बच्चों द्वारा किये जाने की जानकारी दी गई. कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव  जे.एन.मालपानी और मारूति अकादमी की सचिव अमिता तिवारी, भी उपस्थित थे. संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त  गणेश शर्मा ने किया.

Related Posts:

Posted in: भोपाल Tags: ,





Site By: Nava Bharat Multimedia Private Ltd.