जबलपुर: उत्तर भारत में हुई बर्फबारी से शहर एक बार फिर शीतलहर की चपेट में आ गया है। उत्तरी हवा से वातावरण में गलाव वाली ठंड महसूस होने लगी है। शुक्रवार को भी सुबह से बर्फीली हवा के झोंके लोगों को सिहराते रहे, लोग गर्म कपड़े पहनकर निकले। दोपहर में धूप में तीखापन रहा। धूप लोगों को भाती रही। शाम ढलते ही एक बार फिर ठंड का असर बढ़ गया। अधिकतम तापमान 26.3 डिग्र्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 4 डिगी कम रहा।
सुबह के वक्त आद्रता 85 और शाम को 42 प्रतिशत रही। उत्तरी हवाएँ 3 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार मौसम पूरी तरह से साफ हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ के भी कोई नए संकेत नहीं मिल रहे हैं। अब धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होगी और आने वाले दिनों में ठंड का असर और कम हो जाएगा। धूप में तीखापन भी महसूस होने लगेगा।