युवा आत्मविश्वास से परिपूर्ण रहकर कार्य करें – शिवराज

भोपाल, 04 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज युवाओं से कोई भी कार्य आत्मविश्वास से परिपूर्ण होकर करने का आह्वान करते हुए कहा कि इस स्थिति में कार्य सफल होते हैं।
श्री चौहान ने यहां ”मुख्यमंत्री यूथ इंटर्नशिप प्रोग्राम” के अंतर्गत ”सीएम इंटर्न्स बूटकैंप” के उद्दघाटन कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को ”गुरूमंत्र” देते हुए कहा कि दुनिया में जितने भी बड़े बड़े काम हुए हैं, वे सब हम जैसे लोगों ने ही किए हैं। इसके लिए जरूरी है कि युवा अपने ऊपर विश्वास रखें और बेहतर कार्य करें। ईश्वर भी ऐसे ही लोगों का साथ देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि वे भी देशभक्ति, समर्पण और आत्मविश्वास के कारण दुनिया से सबसे लोकप्रिय नेता बन गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में दो तरह के लोग होते हैं। एक वे, जो हमेशा निराश और हताश रहते हैं। ऐसे लोग जिंदा व्यक्ति को भी मुर्दा कर देते हैं। दूसरे वो होते हैं, जो असंभव को भी संभव कर दिखाते हैं। श्री चौहान ने स्वयं का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके पिताजी की इच्छा थी कि वे पढ़लिखकर डॉक्टर बनें, लेकिन उन्होंने कुछ विशेष करने का सोचा था और वे इसी पथ पर आगे बढ़ गए। उन्होंने स्वयं के प्रारंभिक जीवन से जुड़े अनेक प्रेरक प्रसंग सुनाए और कहा कि आत्मविश्वास से भरे व्यक्ति को सफलता निश्चित तौर पर मिलती है।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद ”युवा इंटर्न” से मुखातिब होते हुए कहा कि वे इंटर्नशिप को साधारण नहीं समझें। इसके माध्यम से वे स्वयं के साथ ही दूसरों के जीवन में बदलाव ला सकते हैं। प्रत्येक इंटर्न को तीन से चार पंचायत आवंटित की जाएंगी। कलेक्टर काे जिस तरह प्रशिक्षण दिया जाता है, वही आप लोगों को मिलेगा। हितग्राहियों और आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, यह देखना आप लोगों (इंटर्न का) का कार्य है।
मुख्यमंत्री ने युवा इंटर्न से कहा कि उन्हें यह देखना है कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कहीं गेप तो नहीं है। अगर है तो इसे कैसे पूरा किया जाए। यह आप लोगों को ही सोचना है। उन्होंने इन युवाओं को बार बार प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आज भारत ग्लाेबल रिसोर्स हब बन गया है। अनेक प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों के सीईओ भारतीय हैं। हम अपने ज्ञान के बल पर दुनिया में राज कर सकते हैं, लेकिन हमें इसके लिए तैयार करना होगा।
उन्होंने युवाओं के कल्याण के हित में संचालित योजनाओं का भी जिक्र किया और बताया कि राज्य में इन दिनों एक लाख 14 हजार पदों पर सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि आप लोग सिर्फ नौकरी मांगने वाले नहीं, वरन नौकरी देने वाले भी बन सकते हैं। हो सकता है कि इन्हीं में से आगे चलकर कोई मुख्यमंत्री भी बन जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आप लोग बेहतर कार्य करेंगे, तो इंटर्नशिप छह महीने की बजाए 12 माह कर दी जाएगी। मानदेय भी बढ़ाकर दस हजार रुपए कर दिया जाएगा।
श्री चौहान ने कार्यक्रम के बाद बच्चों के साथ मिलकर प्रांगण की सफाई की और बच्चों को भी प्रांगण स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।

नव भारत न्यूज

Next Post

रेल मंत्री ने 'कवच' के लिए उत्कृष्टता केंद्र की गतिविधियों की समीक्षा की

Sat Feb 4 , 2023
हैदराबाद 04 फरवरी (वार्ता) केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को यहां इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट ऑफ सिग्नल इंजीनियरिंग एंड टेलीकम्युनिकेशन (आईआरआईएसईटी) में स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच के लिए उत्कृष्टता केंद्र की गतिविधियों की समीक्षा की। श्री वैष्णव ने संबंधित अधिकारियों को तेज गति से प्रौद्योगिकी के प्रसार […]

You May Like