महापौर को घेरने में लालवानी गुट का हाथ!

सियासत

सूत्रों का कहना है कि विकास यात्रा को लेकर हुई बैठक में जिस तरह से पार्षदों में अफसरशाही के खिलाफ हल्ला बोला उसका निशाना महापौर पुष्यमित्र भार्गव थे ! उस बैठक में खासतौर पर शंकर लालवानी समर्थक पार्षद कंचन गिडवानी मुख्य थी । उन्होंने ही अफसरों के रवैए पर सवाल उठाया । कंचन गिडवानी के भाषण के बाद अनेक पार्षदों ने इस मुद्दे को तूल दिया। सूत्रों का कहना है कि कंचन गिडवानी ने ऐसा शंकर लालवानी के कहने पर किया। शंकर लालवानी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 के बाशिंदे हैं, महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी यही के हैं। इस कारण से शंकर लालवानी पुष्यमित्र भार्गव को अपना प्रतिद्वंदी समझते हैं उन्हें लगता है कि पुष्यमित्र भार्गव महापौर होने के कारण 2024 में लोकसभा के दावेदार बन सकते हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि इस संबंध में महापौर ने संगठन से चर्चा की इसके बाद नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने कंचन गिडवानी को बुलाकर उनकी क्लास ली। जाहिर है एक बार फिर सांसद संगठन के निशाने पर आ गए हैं।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष का मामला और उलझा

शहर कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर अरविंद बागड़ी , विनय बाकलीवाल और गोलू अग्निहोत्री के बीच घमासान मचा हुआ है।तीनों ही नेता दिल्ली दरबार में दस्तक दे रहे हैं। गोलू अग्निहोत्री दिल्ली में सबसे प्रभावशाली दल लेकर पहुंचे। उनके साथ नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चोकसे के अलावा 10 और पार्षद थे। उन्होंने अनेक ब्लॉक अध्यक्ष के भी अपने पक्ष में हस्ताक्षर करवाए हैं। अरविंद बागड़ी अग्रवाल महासभा के जरिए लॉबिंग कर रहे हैं। जबकि विनय बाकलीवाल ने कमलनाथ के निजी सहायक के बूते जेपी अग्रवाल तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की है।

कुल मिलाकर शहर कांग्रेस का मामला इतना उलझ गया है कि इसका हल जल्दी नहीं निकलेगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर मचे घमासान से कांग्रेस के आम कार्यकर्ता हैरान हैं। उन्हें लगता है कि शहर कांग्रेस शहर में कांग्रेस की मजबूती के लिए तो कुछ नहीं कर सकी लेकिन उसकी कमान अपने हाथों में लेने के लिए नेताओं में होड़ मची हुई है। कुल मिलाकर इस मामले से कांग्रेस की छवि ध्वस्त हुई है। सूत्रों का कहना है कि शहर कांग्रेस का मामला लंबा चलेगा क्योंकि फैसला दिल्ली में होना है और दिल्ली में कोई फैसला जल्दी नहीं होता।

नव भारत न्यूज

Next Post

डायवर्शन की नीव पर खड़ी होती है अवैध कॉलोनी की बुनियाद

Sun Feb 5 , 2023
नगर पालिका अवैध कॉलोनियों से क्यों वसूल रही विकास शुल्क, भूमाफियाओं के साथ राजस्व विभाग भी जिम्मेदार है अवैध कॉलोनियों को विकसित कराने में शाजापुर: बीते एक दशक से हर बार अवैध कॉलोनी और भूमाफियाओं के खिलाफ नोटिस-नोटिस का खेल शुरू होता है और कार्रवाई का जिन्न निकलता है, लेकिन […]

You May Like