रेलवे के दावों की खुली पोल, मंत्री प्रहलाद ने लगाई फटकार
जबलपुर: रेलवे एक ओर जहां यात्री सुविधा को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहा है तो वहीं इन दावों की सच्चाई बिल्कुल उलट है। ट्रेनों में मिलने वाले कंबल, चादर की धुलाई समय से नहीं होने के कारण यात्री उन्हें प्रयोग करने से हिचकने लगे हैं। चादरें भी बिना धुले मिल रही हैं। आलम ऐसा हो गया कि आम नागरिक तो दूर की बात है अब तो वीआईपी को भी ट्रेनों में सप्लाई किए गए गंदे कंबल और चादर थमा दिए जा रहे है। ताजा मामला उस वक्त प्रकाश में आया जब गोंडवाना एक्सप्रेस में सफर कर केन्द्रीय जल शक्ति एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटैल जबलपुर पहुंचे। जिन्हें सफर के दौरान गंदे कंबल, चद्द दी गई थी फिर क्या था मंत्री पटैल ने संबंधित अधिकारी की जमकर क्लास लेते हुए फटकार लगा दी।
पहले कोच अटेंडर फिर अधिकारी की ली क्लास
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निजामुद्दीन से चलकर जबलपुर पहुंची 12182 गोंडवाना सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी फस्र्ट में केन्द्रीय जल शक्ति एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटैल सफर कर रहे थे। वह दिल्ली से सफर कर जबलपुर आ रहे थे। इस बीच उन्हें कोच अटेंडर ने गंदे कंबल, चादर दी थी। कंबल और चादर में गंदे दाग देखकर पहले तो उन्होंने कोच अटेंडर को फटकार लगाई इसके बाद जबलपुर पहुंचते ही डिवीजन मैकेनिकल इंजीनियर की क्लास लेते हुए जमकर फटकार लगाई।
आए दिन होता है विवाद
गंदे कंबल और गंदी चादर ट्रेनों में सप्लाई की जा रही है जिनकी समय पर सफाई नहीं होती है। जब उक्त गंदे कंबल और चादर यात्रियों को मुहैया कराई जाती है तो आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। जिसके कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कुछ यात्री तो अब सफर के दौरान घर से ही चादर और कंबल लेकर निकलने लगे है। वहीं रेलवे चाक चौबंध व्यवस्थाएँ मुहैया कराने का दम भरता है।