लैंगर ने ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच के पद से दिया इस्तीफा

मेलबोर्न, 05 फरवरी (वार्ता) जस्टिन लैंगर ने ऑस्ट्रेलिया की पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने शनिवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि लैंगर की जगह पर फिलहाल एंड्रयू मैकडॉनल्ड को अंतरिम मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वह श्रीलंका के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज से कामकाज संभालेंगे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक बयान में कहा, “ हमने पुरुष टीम के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उन्होंने हमें आज इस्तीफा सौंपा था। लैंगर को उनके वर्तमान अनुबंध में कुछ समय के विस्तार की पेशकश की गई थी, जिसे उन्होंने स्वीकार नहीं किया। उन्हें भविष्य की आवश्यकताओं और आगामी शेड्यूल सहित कई कारकों का मूल्यांकन करने के बाद उनके अनुबंध को बढ़ाने की पेशकश की गई थी। विस्तार को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बोर्ड द्वारा मंजूरी दी गई थी और कल रात इसे लैंगर के सामने पेश किया गया था, जिसमें इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में टी-20 विश्व कप खिताब को डिफेंड करने का अवसर शामिल था, लेकिन लैंगर ने आज सुबह हमें बताया कि वह इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं कर रहे हैं और तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रहे हैं। ”
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी निक हॉकले ने इस बारे में कहा, “ लैंगर पिछले चार वर्षों से ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के एक बहतरीन कोच रहे हैं। वह टीम में फिर से विश्वास लेकर आए हैं। 2018 में पदभार संभालने के बाद से हमें उनकी उपलब्धियों पर बेहद गर्व है, जिसमें हाल ही में 2021 टी-20 विश्व कप जीत और एशेज की सफलता शामिल है। निश्चित रूप से हम निराश हैं कि जस्टिन ने कोच के पद पर बने रहने के उलट इसे छोड़ने का फैसला किया है, लेकिन हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं और भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। ”
उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीका में 2018 में हुए गेंद के साथ छेड़छाड़ कांड के मद्देनजर लैंगर को टीम का कोच नियुक्त किया गया था।

नव भारत न्यूज

Next Post

93वें दिन भी स्थिर रहे पेट्रोल और डीजल के दाम

Sat Feb 5 , 2022
नयी दिल्ली 05 फरवरी (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बने रहने के बावजूद घरेलू स्तर पर आज लगातार 93वें दिन भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में क्रमशः पांच और 10 […]

You May Like