सियासत
रविवार को भोपाल में हुई प्रदेश भाजपा की कोर समिति में निर्णय लिया गया कि जल्दी ही निगम मंडलों में नियुक्ति दी जाएगी। पिछले गठन में इंदौर के नेताओं को निराशा हाथ लगी थी। केवल सावन सोनकर को निगम मंडल में अवसर मिला था। उन्हें अनुसूचित जाति वित्त निगम का अध्यक्ष बनाया गया था। इसके अलावा जयपाल सिंह चावड़ा को इंदौर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया। जबकि नियुक्तियों के लिए प्रतीक्षारत नेताओं की लंबी फेहरिस्त है। इनमें उमेश शर्मा, गोपीकृष्ण नेमा, मधु वर्मा, भंवर सिंह शेखावत, बाबू सिंह रघुवंशी, सुदर्शन गुप्ता यहां तक कि जीतू जिराती जैसे नेता भी शामिल हैं। कल की कोर समिति की बैठक में सरकारी वकील और जनभागीदारी समितियों में नियुक्तियों का मुद्दा भी उठा।
पार्टी सरकारी वकील और जनभागीदारी समितियों में जल्दी ही नियुक्तियां करेगी। इसका लाभ भी भाजपा कार्यकर्ताओं को मिलने वाला है। इसके अलावा बड़े जिलों में एक से अधिक प्रभारी मंत्री की व्यवस्था लागू करने पर विचार चल रहा है। यदि ऐसा हुआ तो इंदौर को एक और प्रभारी मंत्री मिल सकता है। अभी डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री हैं। संगठन ने एक और प्रभारी मंत्री को जोड़ा तो एक प्रभारी मंत्री नगर और एक प्रभारी मंत्री ग्रामीण जिले का प्रभार संभालेगा। इस व्यवस्था से कार्यकर्ताओं को लाभ मिलेगा और शक्तियां भी विकेंद्रित हो जाएंगी। बहरहाल, सूत्रों के अनुसार प्रदेश संगठन ने नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के आधार पर ऐसे जिला अध्यक्षों को चिन्हित किया है जो नकारा साबित हो रहे हैं। प्रदेश भर में ऐसे 18 जिलाध्यक्ष हैं जिनमें मालवा निमाड़ के भी तीन हैं।
इन सभी पर संगठन की गाज गिरने वाली है। सबसे बड़ी बात है कि इस काली सूची में इंदौर नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे और ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेश सोनकर का नाम नहीं है। गौरव रणदिवे ने इंदौर नगर निगम के चुनाव में जिस तरह से काम किया उसकी प्रशंसा प्रदेश संगठन ने की है। गौरव रणदिवे को प्रदेश के सभी नेताओं ने कुशल संगठक और प्रबंधक बताया है। इसी तरह जिला पंचायत तथा नगर परिषदों के चुनाव में भाजपा की सफलता का श्रेय जिला अध्यक्ष राजेश सोनकर को दिया जा रहा है। गौरव रणदिवे और राजेश सोनकर दोनों ही सक्रिय रहते हैं और कार्यकर्ताओं से संवाद करने में भी पीछे नहीं है। जाहिर है नगर और जिले दोनों के अध्यक्ष अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। पार्टी में इन दोनों के खिलाफ अधिक शिकायतें भी नहीं हैं।