भोपाल, 25 दिसंबर. प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग की है।
चौहान ने वाजपेयी के व्यक्तित्व पर आधारित जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि वाजपेयी ऐसे नेता हैं जिनसे सभी प्यार और आदर करते हैं। उन्होंने वाजपेयी को जनता के हृदय का हार बताते हुए कहा कि वे आज भी जनता के दिलों पर राज करते हैं। वाजपेयी ने प्रधानमंत्री के रुप में देश की अद्भुत सेवा की है और देश को परमाणु सम्पन्न राष्ट्र बनाकर उसका मान सम्मान बढ़ाया . बल्कि पूरे देश को जोडने के लिए राष्ट्रीय राजमागो का जाल, स्वर्णिम चतुर्भुज योजना और गांव की तस्वीर बदलने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना बनायी।
पीएम पहुंचे अटल के घर
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 88 वें जन्मदिवस पर पीएम मनमोहन सिंह सहित अनेक लोगों ने मंगलवार को उनके निवास पर जाकर उन्हें बधाई दी और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की. मनमोहन सिंह वाजपेयी के निवास, 6-ए कृष्णा मेनन मार्ग पर गए और बीजेपी के वरिष्ठ नेता के साथ तकरीबन 15 मिनट बिताए.
राष्ट्रपति वाजपेयी को गुलदस्ता भेजा.
वाजपेयी को बधाई देने उनके निवास पर सुबह पंहुचने वालों में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी और लोकसभा उपाध्यक्ष करिया मुंडा शामिल हैं. प्रधानमंत्री के रूप में छह साल के दौरान वाजपेयी ने मई 1998 में पोखरण परमाणु विस्फोट परीक्षण करने का निर्भीक कदम उठाया. उन्हें गठबंधन सरकार चलाने का भी ‘गुरूÓ माना जाता है जिन्होंने 24 राजनीतिक दलों के साथ मिल कर राजग सरकार चलाई. उन्हें बधाई देने पंहुचने वालों में राजनाथ सिंह, शाहनवाज हुसैन, कलराज मिश्र, राजीव प्रताप रूडी, विजय गोयल और अनंत कुमार शामिल हैं. अपने प्रिय नेता के जन्मदिवस के अवसर पर बीजेपी के कुछ नेताओं ने गरीबों को कंबल भी बांटे. वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में हुआ था. एक कवि और पत्रकार के रूप में उन्होंने अपने जीवन की शुरुआत की और बाद में देश के राजनेता के रूप में उभरे.

