स्क्रीन पुरस्कारों में पान सिंह और बर्फी का जलवा

Colors Screen Awardsमुम्बई में आयोजित 19वें कलर्स स्क्रीन पुरस्कारों में लीक से हटकर फिल्मों का जलवा रहा. पान सिंह तोमर और बर्फी को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ फिल्म के पुरस्कार से नवाजा गया, जबकि इन दोनों फिल्मों में क्रमश: मुख्य भूमिका निभाने वाले इरफान खान और रणबीर कपूर को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

विद्या बालन ने फिल्म कहानी में अपनी विद्या बागची की भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता. यह उनका लगातार चौथा सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार है. इससे पहले वह पा, इश्किया और द डर्टी पिक्चर में अपने अभिनय के लिए यह पुरस्कार जीत चुकी हैं. इरफान ने फिल्म में पूर्व राष्ट्रीय स्टीपलचेज चैम्पियन से डाकू बने पान सिंह तोमर की भूमिका निभाई थी. यह फिल्म पान सिंह तोमर की जीवनी पर आधारित थी. वहीं रणबीर ने बर्फी में अपनी दिल को छू लेने वाली मूक-बधिर लड़के के किरदार से सबका दिल जीत लिया.

सर्वश्रेष्ठ फिल्म निर्देशक का पुरस्कार भी बर्फी के निर्देशक अनुराग बसु की झोली में गया. इस मौके पर महानायक अमिताभ बच्चन को विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया, जबकि दिवंगत फिल्मकार यश चोपड़ा को लाइफटाइम एचिवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. यश का अक्टूबर 2012 में निधन हो गया था. समारोह में वरुण धवन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और आलिया भट्ट जैसे युवा कलाकारों के अलावा सोनाक्षी सिन्हा, रणवीर सिंह और प्रियंका चोपड़ा ने भी शानदार प्रस्तुतियां दी. समारोह की मेजबानी शाहरुख खान, करण जौहर और आयुष्मान खुराना ने की. आयुष्मान को फिल्म विक्की डोनर में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ नवागंतुक के पुरस्कार से भी नवाजा गया. बॉलीवुड की अन्य हस्तियों में प्रेम चोपड़ा, परिनीति चोपड़ा, सुधीर मिश्रा, अर्जुन रामपाल, अरबाज खान, मलाइका अरोड़ा खान, अर्जुन कपूर, प्रभुदेवा, जीनत अमान, सुजॉय घोष, जैकलिन फर्नाडिज, सिद्धार्थ रॉय कपूर, अब्बास-मस्तान, तिगमांशु धुलिया, गुलजार, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और सनी लियोनी ने अपनी उपस्थिति दर्ज करा कर समारोह में चार चांद लगा दिए.

Related Posts:

Posted in: मनोरंजन Tags: 





Site By: Nava Bharat Multimedia Private Ltd.