नई दिल्ली, 17 जनवरी. सोने और चांदी के दाम और बढ़ेंगे. सरकार ने इन बहुमूल्य धातुओं के उत्पाद एवं सीमा शुल्क ढांचे में बदलाव किया है.
इससे अगले ढाई माह में ही सरकार को 600 करोड़ रुपये का राजस्व मिलेगा. माना जा रहा है कि इससे सोने के दाम 250 रुपये प्रति दस ग्राम, चांदी 1,600 रुपये प्रति किलो और आयातित हीरा दो प्रतिशत महंगा हो जाएगा. इसके साथ ही
प्लैटिनम की कीमतों में भी बदलाव होगा. सरकार ने शुल्क ढांचे में बदलाव के तहत इन बहुमूल्य धातुओं पर सीमा और उत्पाद शुल्क उनके मूल्य के हिसाब से लगाने का आदेश दिया है. अभी तक इन पर उनकी मात्रा के हिसाब से शुल्क दरें तय थीं. ऐसे में इन उत्पादों के दाम बढऩे के साथ ही शुल्क भी बढ़ जाएगा. सरकारी अधिसूचना में कहा गया कि सोने पर आयात शुल्क उसके मूल्य का दो प्रतिशत होगा. पहले इसकी दर 300 रुपये प्रति दस ग्राम थी.
वहीं चांदी पर आयात शुल्क दर उसके मूल्य के छह फीसद तय की गई है. पहले इस पर 1,500 रुपये प्रति किलोग्राम का निश्चित शुल्क लगता था. सरकार ने हीरे पर दो प्रतिशत का आयात शुल्क लगाया है. जहां तक उत्पाद शुल्क का सवाल है तो सोने पर मूल्यानुसार 1.5 फीसद उत्पाद शुल्क लगेगा जबकि पहले प्रति 10 ग्राम पर 200 रुपये उत्पाद शुल्क तय था. इसी प्रकार चांदी पर चार फीसद उत्पाद शुल्क लगेगा जबकि पहले प्रति किलो चांदी पर 1,000 रुपये उत्पाद शुल्क लगता था. केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीईसी) के चेयरमैन एसके गोयल ने कहा, ‘पहले की दरें चार-पांच साल पुरानी हैं. पिछले कुछ साल में कीमत उल्लेखनीय रूप से बढ़ रही है इसलिए यह बदलाव बाजार मूल्य के अनुरूप शुल्क निर्धारण के लिए है.

