बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ के पुत्र टाइगर श्रॉफ की फिल्म हीरोपंती के लिए निर्देशक सब्बीर खान को आखिर हीरोइन मिल गई. टाइगर फिल्म हीरोपंती से करियर की शुरुआत कर रहे हैं. मॉडल-अभिनेत्री कृति सनन को फिल्म में मुख्य महिला किरदार के लिए चुना गया है.
कृति के नाम के प्रस्ताव से पहले हीरोइन के बिना ही फिल्म की शूटिंग इस महीने से शुरू की जानी थी. फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला और निर्देशक सब्बीर खान बिना हीरोइन के फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले थे. कहा जा रहा था कि अभिनेता सुनील शेट्टी की बेटी फिल्म की हीरोइन होंगी लेकिन आखिर में कृति को फिल्म के मुख्य महिला किरदार के लिए चुना गया. कृति को फिल्म में मुख्य महिला किरदार के लिए चुने जाने के सवाल पर टाइगर ने कहा कि लगता तो ऐसा ही है. यह भी कहा जा रहा है कि मारधाड़ से भरपूर फिल्म हीरोपंती में टाइगर का किरदार ऐसा ही है जैसा उनके पिता जैकी श्रॉफ का सुभाष घई की फिल्म हीरो में था. निर्माता नाडियाडवाला ने फिल्म में टाइगर को देसी लड़के की तरह दिखाने के लिए उनको कड़ी मेहनत करवाई है.
टाइगर को इतने कड़े प्रशिक्षण में रखने के पीछे का तर्क यह था कि टाइगर सेहतमंद लगें लेकिन यह जिम में जाकर बनाई गई सेहत न लगे. अब जबकि टाइगर अपने पूरे देसी रूप में तैयार हैं फिल्म के एक्शन दृश्यों की शूटिंग जल्द ही शुरू की जाएगी. स्वयं टाइगर ने भी स्वीकार किया है कि अपने किरदार के लिए उन्होंने काफी मेहनत की है. टाइगर ने कहा कि मैंने पागलपन की हद तक मेहनत की. हर सुबह जिमनास्टिक और डांस का अभ्यास होता था. रात को मैं दौड़ लगाता था और मार्शल आर्ट का अभ्यास करता था. यह इतना व्यस्त समय था कि मेरे पास अपने सामाजिक जीवन के लिए भी वक्त नहीं था. इतना सब करने के बाद मैं खुद को किरदार के काबिल बना पाया हूं.

