पाकिस्तान के लिए भाग्यशाली रहा है ईडन गार्डन
कोलकाता, 01 जनवरी. भारत और पाकिस्तान दो दिन बाद जहां यहां होने वाले दूसरे वनडे में भिडने जा रहे हैं और पाकिस्तान अपने लिए भाग्यशाली ईडन गार्डन मैदान में मेजबान के खिलाफ शत प्रतिशत जीत के रिकार्ड की बदौलत सीरीज कब्जा जमाने की कोशिश करेगा.
पाकिसतान आखिरी बार ईडन गार्डन में वर्ष 2004 में उतरा था और तब उसने बीसीसीआई प्लेटिनम जुबली मैच में इजमाम उल हक के नेतृत्व में भारत को छह विकेट से परास्त किया था, पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ इस मैदान में अपने तीनों मैच जीते हैं. ईडन गार्डन पहुंचने वाले दर्शकों को इस बार मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की कमी के अलावा और भी कई दिग्गज खिलाडिय़ों की गैर मौजूदगी खलेगी. आठ वर्ष पहले जान राइट भारतीय क्रिकेट टीम के कोच हुआ करते थे. यह वह दौर था जब टवंटी.20 और महेन्द्र सिंह धोनी का पर्दे पर आगमन नहीं हुआ था.
भारत ईडन गार्डन में बेशक पाकिस्तान के खिलाफ कोई मैच नहीं जीत पाया हो लेकिन उसका शेष प्रदर्शन अच्छा रहा है. भारत ने यहां खेले गये 18 मैचों में से 10 में जीत हासिल की है. उसे जिन सात मैचों में हार का मुंह देखना पडा है उनमें श्रीलंका से वर्ष 1996 के विश्वकप के सेमीफाइनल में मिली हार दिल तोडने वाली थी. पाकिस्तान ने इस मैदान पर पहला मैच 18 फरवरी 1987 को खेला था जब उसने भारत को दो विकेट से शिकस्त दी थी.
भारत ने इस मैच में 40 ओवरों में कृष्णामाचारी श्रीकांत 123 के शतक से छह विकेट खोकर 238 रन बनाये थे जबकि पाकिस्तान ने 39.3 ओवरों में आठ विकेट खोकर 241 रन बनाए और मैच जीत लिया. सलीम मलिक ने 36 गेंदों में मैच विजयी नाबाद 72 रन ठोके थे. इस मैदान में दोनों मुल्कों का फिर सामना 28 अक्टूबर 1989 को हुआ जिसे पाकिस्तान ने 77 रनों से जीत लिया था. पाकिस्तान ने इस मैच में 50 ओवरों में साता विकेट खोकर 279 रन बनाये थे जबकि भारतीय टीम 42.3 ओवरों में 202 रन पर ढेर हो गई. भारत और पाकिस्तान की अंतिम भिंडत यहां आठ वर्ष पहले 2004 में हुई थी. भारत ने उस मैच में 50 ओवरों में छह विकेट खोकर 292 रन बनाये थे जबकि पाकिस्तान ने 44 ओवरों में चार विकेअ पर 293 रन बनाकर मैच जीत लिया. पाकिस्तान के लिए सलमान बट्ट ने मैच विजयी नाबाद 100 रन ठोके.
बीपीएल में खिलाडिय़ों को खेलने से रोक सकता है पाकिस्तान
कराची,01 जनवरी. बांग्लादेश के पाकिस्तान दौरे पर आने से इंकार करने से नाराज पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने संकेत दिये कि वह अपने खिलाडिय़ों को बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) में खेलने के लिये रिलीज नहीं करेगा.
पीसीबी ने जारी बयान में कहा कि बांग्लादेश का अपनी टीम पाकिस्तान भेजने से इंकार करने से दोनों बोर्ड के संबंधों पर असर पड़ेगा. बयान में कहा कि अपने खिलाडिय़ों को बीपीएल के 2013 के सत्र में खेलने की छूट देने से पहले हमें उनके कार्यक्रम पर गौर करना होगा. पाकिस्तानी खिलाडिय़ों को अनुमति देने को बांग्लादेश के पाकिस्तान दौरे से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए. पीसीबी अध्यक्ष जका अशरफ ने इससे पहले बांग्लादेश की टीम के पाकिस्तान दौरे पर नहीं जाने की बीसीबी अध्यक्ष नजमुल हसन की घोषणा पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी. उन्होंने कहा कि यदि वे नहीं आना चाहते हैं तो यह उनका फैसला है. हम उनके साथ जबर्दस्ती नहीं कर सकते. अब उनकी अपनी साख ही दांव पर लगी है. यदि वे द्विपक्षीय रिश्तों का सम्मान नहीं करना चाहते हैं तो हम भी ऐसा ही रवैया अपनाएंगे.
भारत-पाक मैच को लेकर कोलकाता में उत्साह
भारतीय क्रिकेट टीम और उसके चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के बीच गुरुवार को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जाने वाले दूसरे एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले को लेकर कोलकाता में जबरदस्त उत्साह है. इस मैच की सभी टिकटें बिक चुकी हैं. ऐसे में स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहेगा. तीन मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला पाकिस्तान ने जीता था. मेहमान टीम श्रृंखला में 1-0 से आगे है. भारत को श्रृंखला पर कब्जा करने के लिए बाकी के दोनों मैच जीतने होंगे. बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) ने इस मैच को देखने के लिए स्टेडियम में भारी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की घोषणा की है.
इस मैच के लिए 3,500 टिकट आम दर्शकों के लिए उपलब्ध कराया गया था. यह पहला मौका है जब ईडन पर खेले जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय मैच के लिए आम दर्शकों को केवल ऑनलाइन टिकट बेचे गए. शेष टिकट कम्पलीमेंट्री और कैब सम्बद्ध क्लबों को बेचे गए. 65, 000 दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में नवम्बर, 2011 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए टेस्ट मैच के दौरान महज 1000 दर्शक ही उपलब्ध थे. इंग्लैंड के दिवंगत कप्तान टोनी ग्रेग का भी यह पसंदीदा मैदानों में से एक रहा है. उल्लेखनीय है कि ग्रेग का 29 दिसम्बर को दिल का दौरा पडऩे से सिडनी में निधन हो गया था.

