नई दिल्ली, 25 जनवरी. गणतंत्र दिवस के मौके पर दिए जाने वाले पद्म पुरस्कारों में कई हस्तियां शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक सिनेमा में अमूल्य योगदान देने के लिए इस बार सुपर स्टार राजेश खन्ना को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं श्रीदेवी को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। क्रिकेट में योगदान के लिए राहुल द्रविड़ को पद्म भूषण सम्मान दिया जाएगा। सरकार की तरफ से पद्म सम्मान पाने वालों की सूची तैयार कर ली गई है। राजेश खन्ना और राहुल द्रविड़ के साथ-साथ महिला मुक्केबाजी में जबरदस्त मुकाम हासिल करने वाली मैरी कॉम को पद्म भूषण से नवाजा जाएगा। ऋतु कुमार और विजय कुमार को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। प्रोफसर यशपाल, हैदर रजा, रघुनाथ महापात्रा, आर. नरसिम्हा को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। बॉलीवुड अदाकारा शर्मिला टैगोर को पद्म भूषण दिया जाएगा।

