अफजल सहित नौ दया याचिकाएं गृह मंत्रालय को लौटाईं
नयी दिल्ली, 14 जनवरी. राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने सैबन्ना निंगप्पा नटिकर की दया याचिका को खारिज कर दिया है जिसे अपनी पत्नी और बेटी की हत्या के जुर्म में मौत की सजा सुनायी गयी है। राष्ट्रपति का कार्यभार संभालने के बाद मुखर्जी ने दूसरी बार दया याचिका को खारिज की है।
इसके पहले पिछले साल नवंबर में उन्होंने मुंबई आतंकी हमले के अभियुक्त अजमल कसाब की दया याचिका को खारिज कर दिया था। उसके बाद कसाब को महाराष्ट्र में पुणे के यरवदा जेल में फांसी दे दी गयी थी। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार राष्ट्रपति सचिवालय ने चार जनवरी को नटिकर की दया याचिका को खारिज कर दिया। नटिकर अभी कर्नाटक के बेलगांव केंद्रीय जेल में बंद है। मुखर्जी ने मोहम्मद अफजल गुरू की याचिका सहित नौ दया याचिकाएं आगे विचार के लिए गृह मंत्रालय को लौटा दिया है। अफजल को 2001 में हुए संसद पर हमला मामले में मौत की सजा सुनायी गयी है। उस हमले में नौ लोगों की मौत हो गयी थी जबकि 16 अन्य घायल हो गए थे।

