जयपुर,27 जनवरी. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक अलंकरण-पद्म भूषण से नवाजे गए राहुल द्रविड़ ने शनिवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीम के बीच खेल जारी रहना चाहिए.
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए यह सम्भव नहीं. द्रविड़ ने कहा कि हालात के आगे सब मजबूर हैं और यही कारण है कि वह द्विपक्षीय खेल रिश्तों में आई रुकावट को लेकर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते. राजस्थान की राजधानी जयपुर में जारी साहित्य सम्मेलन में द्रविड़ ने कहा, मैं तो यही कहना चाहूंगा कि भारत और पाकिस्तान को आपस में खेलना चाहिए लेकिन यह हकीकत नहीं है. मेरा दिल कहता है कि दोनों टीमों के बीच नियमित अंतराल पर मैच होने चाहिए लेकिन जो हालात हैं, उन्हें देखते हुए यह सम्भव नहीं और यह मुझे मंजूर है. द्रविड़ ने कहा कि आस्ट्रेलिया के साथ होने वाली आगामी टेस्ट श्रृंखला चयनकर्ताओं को भविष्य के खिलाडिय़ों के चयन का मौका देगी.
इस लिहाज से यह श्रृंखला काफी अहम है. साहित्य सम्मेलन के एक सत्र में हिस्सा लेने के बाद द्रविड़ ने संवाददाताओं से कहा, हर श्रृंखला अहम होती है. इंग्लैंड के साथ जारी श्रृंखला भी अहम है लेकिन चूंकि आस्ट्रेलिया और भारत की टीमों में कई बड़े खिलाड़ी हैं, ऐसे में मैं यही कहना चाहूंगा कि दोनों टीमों के बीच होने वाली अहम श्रृंखला के माध्यम से इन दो देशों के चयनकर्ताओं और बोर्ड को भविष्य के खिलाड़ी पहचानने का मौका मिलेगा. यह पूछे जाने पर कि संन्यास के बाद वह कब तक घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग में खेलना चाहेंगे. आईपीएल की फ्रेंचाइजी टीम राजस्थान रॉयल्स के कप्तान द्रविड़ ने कहा, मैं एक-एक कदम बढ़ा रहा हूं. एक और साल मैं सक्रिय रहना चाहता हूं. फिलहाल मैं क्रिकेट और परिवार के बीच तालमेल बनाकर चल रहा हूं. मैं आईपीएल के लिए तैयारी जारी रखते हुए परिवार का ध्यान रख रहा हूं.
जाफर ने मजूमदार व शर्मा को पीछे छोड़ा
मुंबई, मुंबई के सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने सौराष्ट्र के खिलाफ फाइनल में रविवार को यहां अपनी शतकीय पारी के दौरान रणजी ट्रॉफी में सर्वाधिक रन और सबसे अधिक शतक जमाने का नया रिकॉर्ड बनाया. जाफर ने अपनी पारी में 83वां रन पूरा करते ही मुंबई के अपने पूर्व साथी अमोल मजूमदार के 9105 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा. संयोग से यह रन पूरा करते ही इस सलामी बल्लेबाज ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 16000 रन भी पूरे किये.
इसके बाद जाफर ने रणजी ट्रॉफी में अपना 32वां शतक पूरा किया और इस तरह से अजय शर्मा के 31 शतक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा. जाफर का यह प्रथम श्रेणी मैचों में 47वां शतक है. रणजी ट्रॉफी में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में जाफर और मजूमदार के बाद रिषिकेश कानितकर ( 7885), अमरजीत केपी (7623), पंकज धर्माणी (7621), सितांशु कोटक (7542) और अजय शर्मा (7438 रन) का नंबर आता है। रणजी ट्रॉफी में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज इस प्रकार हैं: वसीम जाफर (32), अजय शर्मा (31), अमोल मजूमदार और रिषिकेश कानितकर (दोनों 28), अमरजीत केपी (27), बजेश पटेल और सुरेंद्र भावे (दोनों 26) तथा विनोद कांबली (24)।

