सायना हारी, भारतीय चुनौती समाप्त

Saina Nehwalसोल, 11 जनवरी. ओलंपिक कांस्य विजेता और तीसरी वरीयता प्राप्त भारत की सायना नेहवाल को सत्र के पहले टूर्नामेंट कोरिया ओपन में उस समय बड़ा झटका लगा जब गैर वरीय चीन की ली हान ने बड़ा उलटफेर करते हुए उन्हें क्वार्टरफाइनल में करारी मात दी.

इसके साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है. विश्व की 26वीं रैंकिंग की खिलाड़ी ली के खिलाफ सायना ने पिछले दोनों मैच जीते थे लेकिन इस बार ली ने अपनी पिछली हार का बदला चुका लिया और भारतीय खिलाड़ी को तीन गेमों तक चले मुकाबले में मात्र 59 मिनट में 21-14, 15-21 21-12 से शिकस्त दी. ली ने पहला गेम 21-14 से अपने नाम करके सायना को चकित कर दिया लेकिन उम्मीद थी कि सायना यह मुकाबला हाथ से जाने नहीं देंगी.

उन्होंने दूसरे गेम में वापसी करते हुए 21-15 से अपने नाम कर लिया और भारतीयों की उम्मीद प्रबल कर दी लेकिन तीसरे और निर्णायक गेम में वह पूरी तरह चूक गई. चीन की खिलाड़ी ने 21-12 से तीसरा गेम जीतने के साथ ही सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया. मैच में सायना ने 14 स्मैश विनर और 10 नेट विनर लगाए जबकि ली ने 12 स्मैश विनर और 8 नेट विनर लगाए.

सायना की हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है. ओलंपियन परूपल्ली कश्यप और पी वी सिंधु को प्रीक्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था. कश्यप को सातवीं सीड हांगकांग के युन हू ने कडे संघर्ष में हराया था जबकि सिंधु को थाईलैंड की पोर्नटिप बुरानाप्रासर्तसुक ने मात दी थी.

Related Posts:

Posted in: खेल Tags: 





Site By: Nava Bharat Multimedia Private Ltd.