सांईबाबा के चरणों में उमड़े भक्त
शिरडी/महाराष्ट्र, 5 जनवरी. शिरडी के सांई बाबा मंदिर में भक्तों ने दस दिन में तेरह करोड़ का रिकॉर्ड चढ़ावा चढ़ाया है। चौबीस दिसंबर से इस वर्ष तीन जनवरी यानी महज दस दिनों में सांईभक्तों ने तेरह करोड़ का चढ़ावा चढ़ाया है।
अहमदनगर जिले में स्थित प्रसिद्ध सांईबाबा मंदिर के संचालक एवं संस्थान के अधिकारी, यशवंत मने ने बताया कि इससे पहले इस अवधि के दौरान भी लगभग 12.5 करोड़ रुपये का चढ़ावा चढ़ाया गया था। दिसंबर के अंत एवं जनवरी के शुरुआत में सांईबाबा के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ एकत्रित होती है।
श्री सांईबाबा संस्थान के सूत्रों ने शनिवार को बताया कि चौबीस दिसंबर से इस साल तीन जनवरी तक कुल दस दिनों में सांईबाबा के दर्शन के लिए आएं भक्तों ने रुपयों के साथ-साथ लगभग 35 लाख रुपये मूल्य के सोने व चांदी भी चढ़ावा भी चढ़ाया है, जबकि इस अवधि के दौरान पिछली बार 36 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी चढ़ाया गया। सोने-चांदी के मूल्य में बीते दिनों हुए भारी इजाफे के कारण इस बार भक्तों ने सोना-चांदी का चढ़ावा कम चढ़ाया है। इस बार दस लाख रुपये का चढ़ावा इंटरनेट के माध्यम से चढ़ाया है जबकि पिछली बार इस अवधि के दौरान यह रकम मात्र डेढ़ लाख रुपये थी। उन्होंने बताया कि मुबंई के एक भक्त की ओर से 500 ग्राम का लैंप चढ़ावे में चढ़ाया गया जिसका इस्तेमाल प्रतिदिन धूपआरती के लिए साई मंदिर में किया जाता हैं। सूत्रों ने बताया कि इस अवधि के दौरान कुल 20 लाख भक्त मंदिर में साईबाबा के दर्शन के लिए पधारे हैं।

