भोपाल. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि केन्द्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन .संप्रग.सरकार को सैनिक के सिर काटकर ले जाने के कृत्य को गंभीरता से लेते हुए पाकिस्तान के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.
श्री चौहान ने स्थानीय ओल्ड कैंपियन मैदान पर आयोजित राज्य स्तरीय आईईएस इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा करते हुए एक सवाल के जवाब में कहा कि पाकिस्तान के सैनिकों द्वारा भारतीय सैनिकों की बेवजह हत्या करना और एक का सिर काटकर ले जाने वाले कृत्य की जितनी निंदा की जाए वह कम है. इस कृत्य को लेकर देशभर में आक्रोश है.
उन्होंनें कहा कि हमारे सेना के सैनिक का केवल सिर नहीं काटा गया बल्कि भारत के मान सम्मान का सिर काटा गया है इसलिए केन्द्र सरकार को अब पाकिस्तान को मुंहतोड जवाब देना चाहिए. श्री चौहान ने इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की गुगली पर छक्का मारने को तैयार है. उन्होंने कहा कि खेलों में राजनीति का कोई स्थान नही है.

