भोपाल, कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने आज राज्य के सत्तारूढ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए आज कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार ने प्रदेश को शर्मिंदा किया है, पहले लोग अभिमान से कहते थे कि हम मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं।
श्री कमलनाथ ने असंगठित कामगार कांग्रेस के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में बलात्कार की घटनाएं तथा किसानों की बढती आत्महत्याओं की घटनाओं से प्रदेश शर्मिंदा है।
उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग परेशान है। प्रदेश बलात्कार, किसान आत्महत्या, कुपोषण आदि में नंबर वन है। अपराधों की दर आसमान छू रही है। महंगाई सर चढ़कर बोल रही है। भ्रष्टाचार के केस सबसे ज्यादा हो रहे हैं। आज मध्यप्रदेश की तस्वीर आपके सामने हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपका दायित्व हैं कि यह तस्वीर असंगठित कामगारों को बतायें। उन्हें कांग्रेस के पक्ष में जुड़ने के लिए प्रेरित और उत्साहित करें।
आज सभी प्रतिनिधि यह संकल्प लें कि अपने-अपने शहर में जाकर हर दिन कम से कम दस सदस्यों को अपने साथ जोड़ेंगे। विधानसभा चुनाव के लिये यही आपकी चुनौती है। उन्होंने कहा कि आपके संगठन का महत्व बहुत बड़ा है। हमें ऐसे असंगठित मजदूरों का प्रतिनिधित्व करना है, जिनके पास न तो कोई संगठन है और न ही कोई समिति है।
असंगठित कामगार कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद सिंह ने कहा कि प्रत्येक जिले में छह हजार असंगठित मजदूरों को जोड़ना हमारा लक्ष्य है। हम घरेलू काम करने वाले कामगारों के लिए कानून बनाने और मनरेगा मजदूरों के लिए आंदोलन कर रहे हैं। शीघ्र ही जिला से लेकर ब्लाक स्तर तक पदाधिकारी नियुक्त कर दिये जायेंगे।