पटना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में श्री नीतीश कुमार के वापस आने से राजग और मजबूत हुआ है, जिससे लोकसभा चुनाव में बिहार की सभी 40 सीटों पर गठबंधन की ही जीत होगी।
श्री शाह ने यहां के ज्ञाान भवन में पार्टी के शक्ति केन्द्र प्रभारियों की बैठक का उद्घाटन करने के बाद कहा कि तेलगु देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू के राजग से अलग होने का कोई असर पड़ने वाला नहीं हैं क्योंकि श्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) राजग में वापस आ गयी है।
श्री कुमार के साथ मिलकर राजग बिहार में सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस का नाम लिए बगैर कहा कि श्री कुमार भ्रष्टाचारियों के साथ नहीं रह सकते इसलिए वह राजग के साथ आये हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी को अपने सहयोगी दलों को संभालना आता है इसलिए विपक्ष लार टपकाना बंद करे। कांग्रेस परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण की नीति पर चलती रही लेकिन चार वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व ने देश में विकास की राजनीति की शुरुआत की है। देश अब विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।