नई दिल्ली,
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने कर्नाटक में “लाेकतंत्र के विनाश” का प्रयास करने के लिए भाजपा की आलोचना करते हुए आज कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी 2019 के लोकसभा चुनावों में इसी प्रकरण काे दाेहराएगी।
पूर्व वित्त मंत्री श्री सिन्हा ने हाल ही में भाजपा छोड़ दी थी और केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर प्रचार किया था।
श्री सिन्हा ने कईं टवीट् कर कहा“ आज कर्नाटक में जाे हो रहा है वह एक अभ्यास है और इसे 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावाें के बाद दिल्ली में दाेहराया जाएगा।”
उन्होंने पार्टी छोड़ने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा“मुझे बहुत ही खुशी है कि मैनें यह पार्टी छोड़ दी है जो बहुत ही ढिठाई से कर्नाटक में लोकतंत्र का विनाश कर रही है। अगले साल लोकसभा चुनावों में अगर भाजपा बहुमत हासिल करने में नाकाम रहती है तो वह इसी प्रकरण को दाेहराएगी। कृपया मेरी इस चेतावनी को नोट करिएगा।”
गौरतलब है कि कर्नाटक के राज्यपाल वजूभाई वाला द्वारा भाजपा नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येद्दियुरप्पा काे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने के मसले पर श्री सिन्हा ने यह प्रतिक्रिया की है। राज्य में 224 सदस्यीय विधानसभा के घोषित नतीजों में भाजपा को 104 सीटें और कांग्रेस तथा जनता दल(सेक्युलर) जद(एस) गठबंधन को 117 सीटें हासिल हुई हैं।
उन्होंने आज सुबह ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और राज्यपाल ने श्री येद्दियुरप्पा को सदन में बहुमत साबित करने के लिए 15 दिनों का समय दिया है।