भोपाल,
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने जो काम किया वह ऐतिहासिक है। इस बार प्रदेश में जीत का अंतर बढ़ाना है।
श्री शाह यहां भेल दशहरा मैदान में भाजपा की प्रदेश स्तरीय विस्तारित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में मध्यप्रदेश में कृषि विकास दर सबसे ज्यादा रही। इसके साथ ही सड़कों पर भी बहुत काम हुआ।
भाजपा अध्यक्ष ने वर्ष 2018 के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें विजय की अपेक्षा नहीं है, बल्कि जीत के अंतर को बढ़ाने की अपेक्षा है। ये अपेक्षा है कि प्रदेश में कांग्रेस को मूल समेत उखाड़ कर फेंक दें। विधानसभा चुनाव में अब तक की सबसे ज्यादा सीटें लेकर आएं।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई में हाल में हुए परिवर्तन पर प्रहार करते हुए श्री शाह ने कहा कि उन्होंने एक कार्पोरेट वाला अध्यक्ष बनाया है, जबकि भाजपा किसानों का प्रतिनिधित्व करती है।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कहते हैं कि मध्यप्रदेश में सरकार बनाएंगे। वो दूरबीन लेकर ढूंढ़ते हैं, लेकिन जीत कहीं नजर नहीं आती। मध्यप्रदेश में भाजपा का पैर अंगद की तरह है। भाजपा संगठन के आधार पर जीतेगी।
श्री शाह ने बिना नाम लिए नवनियुक्त कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा और नवनियुक्त कांग्रेस की प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया के संसदीय क्षेत्र गुना की ओर इशारा करते हुए कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि इन दोनों क्षेत्रों की सभी सीटों पर भाजपा को जिताएं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 29 में से 29 सीट भाजपा जीते।
कार्यक्रम की शुरुआत में कल देर रात भाजपा में शामिल हुए सिवनी क्षेत्र के निर्दलीय विधायक दिनश राय ने श्री शाह का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में भाजपा के संगठन महामंत्री रामलाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्रीगण सर्वश्री नरेंद्र सिंह तोमर, थावरचंद गेहलोत, धर्मेंद्र प्रधान एवं डॉ वीरेंद्र कुमार, भाजपा महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष प्रभात झा, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद थे।