मैसुरु, कर्नाटक में चामराजनगर जिले के सुलवादी गांव में शुक्रवार को मरम्मा मंदिर में दूषित भोजन करने के बाद दो महिलाओं समेत 10 रिपीट 10 लोगों की मौत हो गयी और 80 अन्य बीमार हो गये।
आधिकारिक सूत्रों ने यूनीवार्ता को बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है , क्योंकि बहुत से पीड़ित अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा गया है।पुलिस ने इस मामले में दूषित भोजन के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि श्रद्धालुओं ने मंदिर के गोपुरम आधारशिला समारोह में भोजन करने के बाद उल्टी और बेचैनी की शिकायत की। उन्हें कोल्लेगल के निकट और मैसुरु के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां 10 लोगों की मौत हो गयी।
मृतकों की पहचान गोपम्मा (35), शांता (20), अनिता (12) और पापन्ना (50) के रूप में की गयी है। अन्य मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। ग्यारह लोगों को गंभीर स्थिति में मैसुरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मंदिर प्रशासन ने कौवों काे भी भोजन दिया था जिसे खाकर कुछ कौवों की मौत हो गयी।
मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने घटना पर दुख जताया है और संबंधित अधिकारियों को बीमारों काे हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।चामराजनगर की उपायुक्त बी बी कावेरी, पुलिस प्रमुख एस. पी. धर्मेंद्र कुमार मीणा और चिकित्सा अधिकारी डाॅ. प्रसाद ने अस्पतालों का दौरा कर घायलों का हालचाल पूछा है।