दमोहनाका-मदनमहल तक बन रहा है फ्लाई ओव्हर
जबलपुर: दमोहनाका-मदनमहल फ्लाई ओव्हर का निर्माण समय पर पूरा हो। निर्माण कार्य न रुके और इसमें कोई रुकावट न आये इस पर विशेष ध्यान देना होगा। ये निर्देश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने व्हीसी के माध्यम से जबलपुर कलेक्टर को दिए। श्री चौहान शुक्रवार को प्रदेश में निर्माणाधीन बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर कर्मवीर शर्मा से चर्चा करते हुए कहा कि फ्लाई ओव्हर निर्माण में यदि कोई रुकावट आती है तो संबंधित विभागों में समन्वय स्थापित कर उसे दूर करायें।
बाधक बने अतिक्रमणों को हटाने कार्रवाई शुरू
कलेक्टर ने बैठक में मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि फ्लाई ओव्हर का निर्माण तेजी से चल रहा है और समय पर इसका निर्माण पूरा कर लिया जायेगा। श्री शर्मा ने बताया कि फ्लाई ओव्हर के निर्माण में बाधक बने अतिक्रमणों
को हटाने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। उन्होंने भू-अर्जन के मामलों में अब तक हुई प्रगति की जानकारी भी दी।
ये जुड़े व्हीसी से व्हीसी के दौरान कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के व्हीसी रूम में नगर निगम आयुक्त संदीप जीआर, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण यंत्री एससी वर्मा तथा फ्लाई ओव्हर निर्माण से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।