सौदा नही किया, नही तो सी एम होता :कमलनाथ

रैगांव के सिंहपुर की चुनावी सभा मे बोले पूर्व मुख्यमंत्री, शिवराज – मोदी पर किये हमले

सतना:  पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश काग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा अंबेडकर ने संविधान ये सोच कर नही बनाया था कि राजनीति में सौदेबाजी आ जायेगी, सरकारें सौदे से बन जाएंगी। मैंने सिर्फ एक गलती की वो ये कि सौदा नही किया वरना मैं सीएम रहता। मैं नही चाहता कि मप्र में सौदे की राजनीति का प्रवेश हो।उन्होंने कहा कि मैं काम करना चाहता था,लेकिन मौका नही मिला.

श्रीनाथ मंगलवार को सिंहपुर में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे.इस मौके पर राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, विधायक नीलांशु चतुर्वेदी, सिद्धार्थ कुशवाहा,पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल आदि उपस्थित थे. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 35 साल सिर्फ शिवराज सिंह की घोषणाओं का विकास हुआ है। उप चुनाव से सरकारें बनती बिगड़ती नही। लेकिन आपको ये बताना होगा कि रैगांव की जनता सीधी भोली है लेकिन बेवकूफ़ नही।उन्होंने कहा कि जवान बिना काम के व्यापारी बिना व्यापार के थक गया है तो फिर शिवराज सिंह आप किस काम के।जब हमने शपथ ली थी तब मप्र महिला अत्याचार,भ्र्ष्टाचार, बेरोजगारी,आत्महत्या में नंबर वन था। बहुत चुनौतियां थी ,ऐसा मप्र हमे भाजपा से मिला था।

हमारे मप्र की व्यवस्था कृषि पर केंद्रित है ,प्रगति तभी जब किसान के जेब मे पैसा हो। हमने कर्ज माफ किया 45 हजार का सतना में 27 लाख का प्रदेश में कर्ज माफ किया। हम कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लाना चाहते थे,हमने शुरुआत की थी ।बुजुर्गों नौजवानों की दुनिया कुछ और है। नौजवान में हाथों में काम होने की तड़प है। रोजगार मंदिर मस्जिद जा कर नही आएगा। निवेश से आएगा और वो तभी होगा जब मप्र पर लोगो को विश्वास होगा। मप्र पांच राज्यो से घिरा है, देश का हृदय है लेकिन यहां कोई निवेश करने नही आता। मप्र की पहचान माफिया और मिलावट से नही होनी चाहिए इसलिए हमने शुद्ध का युद्ध शुरू किया था।

ये चुनौतियां बहुत बड़ी हैं।
शिवराज कहते है एक लाख को रोजगार देंगे ,मैं कहता हूं 10 को दिखा दो। शिवराज में बहुत कलाकारी है। उनकी कलाकारी से प्रदेश थक गया है। मुझसे 15 माह का हिसाब मांगते हैं,मैं तैयार हूं। आइये सामने खड़े होइए।अतिथि शिक्षकों की भर्ती निकाली कि चुनिंदा हो सेलेक्ट हो पाएं। मैंने घोषणा नही की लेकिन सौ रुपये बिजली बिल किया,पेंशन बढ़ाई, विवाह योजना बढ़ाई ।

मेरा मानना है कि घोषणा करना आसान है,मैं काम करना चाहता था,मुझे मौका नही मिला।स्कूल में मास्टर नही , अस्पताल में डाक्टर नही फिर भी शिवराज आते हैं ,बोलते हैं। शिवराज को तो माफी मांगनी चाहिए।मोदी ने कहा था कि 20 हजार करोड़ कोरोना से लड़ने को दूंगा , सतना में साढ़े 5 हजार लोग मर गए। 2014 में किसान की बात नही करते ,राष्ट्रवाद,पाकिस्तान की बात करने लगे। आपकी पार्टी में एक स्वतंत्रता सेनानी नही और आप कांग्रेस को राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाते हैं।ऐसा कोई देश नही जहां इतनी भाषाएं, देवी देवता हैं। ये देश की विविधता है ।
30 को आप जो बटन दबाएंगे वो कांग्रेस या कल्पना के नाम का नही बल्कि अपने देश के भविष्य ,जोड़ने,भाईचारे की संस्कृति का बटन दबाएंगे।शिवराज सिंह की आंख किसानों की पीड़ा देखने को नही चलती लेकिन उनका मुंह बहुत चलता है।

राज्य सभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा ,35 साल सूखे में चले गए अब वर्षा आनी चाहिए। मैंने सोनिया गांधी से कहा था कि एक तिहाई विधायक महिलाएं होनी चाहिए। आज उस एक तिहाई में से एक महिला मुझे यहां दिख रही है। यूपी चुनाव में इस बार बहुत महिलाओं को आप प्रियंका गांधी के झंडे के नीचे देखेंगे। रैगांव से मेरा पुराना नाता है।रैगांव की पूर्व विधायक ऊषा चौधरी ने मुझे राज्य सभा मे वोट दिया था। उन्होंने कहा कि प्रशासन दबाव बना रहा है ऐसी शिकायत मिली है ,हमारी हाईकोर्ट से लीगल टीम यहां पहुंच चुकी है। आप बताना हम प्रमाण सहित शिकायत करेंगे और ऐसे अधिकारियों को रहने नही देंगे।

पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया ने कहा कि शिवराज सिंह 20 साल से झूठ बोल रहे हैं। समझ मे नही आता इतने झूठ लाते कहां से हैं। यहीं सिंहपुर में एक पाखण्ड कर के गए ,कलेक्टर को मंच पर बुला के बोल गए कि नलजल योजना का पानी लाओ। लेकिन 20 साल में पानी के लिए कुछ नही किया। ये बेशर्मी है। इनके जिस्म पर चेहरे बहुत हैं। पानी की लकीरों से मुकद्दर बनाना चाहते हैं। अजय सिंह राहुल ने कहा हमारा सौभाग्य है कि भले रैगांव में कांग्रेस 35 साल से नही जीती लेकिन 2014 में यही से मुझे खूब वोट मिले। सबसे प्रिय विधानसभा है ये।

ये साधारण चुनाव नही है बल्कि ये तय करने का चुनाव है कि आप 2023 मे क्या चाहते हैं। इसीलिए शिवराज बार बार यहां आ रहे हैं। चिर परिचित अंदाज में घोषणायें कर गए हैं ,आखिरी आखिरी में तो शायद रैगांव को जिला भी बनवा दें। इतने साल से उनके पास सत्ता है लेकिन यहां कालेज तक नही बनवा सके। ये चुनाव जनता का चुनाव है। आपके एक बटन दबाने से मप्र में परिवर्तन की राजनीति की शुरुआत हो जाती है। कमलनाथ मुख्यमंत्री बने लेकिन उन्हें पचा नही ,15 माह में जनता की चुनी सरकार भाजपा ने करोड़ो में विधायक खरीद कर गिराई। इसका बदला लेने का समय आ गया है।चित्रकूट विधायक नीलांशु चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री को कहा शकुनि बोले महाभारत में शकुनि के कहने पर द्रौपदी के बाल पकड़े गए थे आज इनके मंच पर भी यही हो रहा है। शिवराज आपकी बत्ती गुल होने वाली है। आप पर बहुत पाप चढ़े हैं।आप चुनाव हारने वाले हैं। शिवराज जी आप वापस चले जाओ। जनता आपसे बदला लेगी।

नव भारत न्यूज

Next Post

पटवारी ने की आत्महत्या, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम

Wed Oct 20 , 2021
सुसाइट नोट में पुलिस और प्रशासन पर लगाया आरोप, पांच घंटे बाद खुला जाम रीवा:  रीवा जिले के त्योंथर तहसील के बड़ागांव हल्का में पदस्थ एक पटवारी ने अज्ञात जहरीला पदार्थ खाकर अपने घर में आत्महत्या कर ली. साथ में एक सुसाइट नोट मिला, जिसमें पुलिस और प्रशासन पर आरोप […]

You May Like