भिंड: जिले में खाद की किल्लत इन दिनों विकराल समस्या बन चुकी है। लहार में महिलाएं खाद न मिलने पर आक्रोशित हो उठी। एकजुट होकर महिलाएं एसडीएम कार्यालय पर पहुंची। यहां घेराव कर गेट बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने साफ तौर पर कहा कि खाद दीजिए तभी हटेंगे। महिलाओं का यह विरोध प्रदर्शन करीब 2 घंटे तक चला।
बेमौसम बारिश के बाद जिले में खाद की समस्या विकराल होती जा रही है। खाद को लेकर जिले के प्रशासनिक अफसर कन्नी काटने लगे हैं। लहार में खाद को लेकर विरोध-प्रदर्शन हुआ।
इस बार विरोध प्रदर्शन में महिलाएं अग्रणी रही। वे लहार में खाद लेने के लिए आई थी। जब उन्हें खाद नहीं मिला तो उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। एकजुट होकर महिलाएं सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंची। पहले उन्होंने एसडीएम से मुलाकात करने के लिए गुहार लगाई। परंतु एसडीएम आरए प्रजापति बाहर नहीं आए। इसके बाद उन्होंने गेट का चैनल बंद कर दिया।
वे गेट पर लॉक डालने जा रही थी, तभी सुरक्षा गार्ड ने गेट को खुलवाया। इसके बाद महिलाएं करीब दो घंटे तक कार्यालय के बाहर डंटी रही। इस दौरान पुरुष भी मौजूद रहे। परंतु उनकी समस्या का समाधान की अपेक्षा एसडीएम कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा कोरा आश्वासन दिया गया। इस पूरे मामले को लेकर लहार एसडीएम आरए प्रजापति का कहना है कि कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ। कुछ महिलाएं आई थी। उन्हें समझा दिया गया है। रोज खाद बांटा जा रहा है। कोई समस्या नहीं है।