भोपाल, (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीपावली के शुभ अवसर पर आज प्रात: अपने निवास की देहरी पर पत्नी साधना सिंह के साथ मांडना बनाया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार भारतीय संस्कृति में पर्वों और उत्सवों पर साज-सज्जा के लिए मांडना बनाने की परंपरा रही है। मांडना सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। मांडना, शुभ और मंगल का प्रतीक है। श्री चौहान ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि भारतीय संस्कृति की इस सुरूचिपूर्ण परंपरा को बनाए रखने के लिए सभी परिवार अपने घर-आँगन में मांडना बनाएँ। इससे हमारी परंपराएँ जीवंत रहेंगी और मांडना की कला को भी प्रोत्साहन मिलेगा। श्री चौहान ने सभी प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएँ भी दीं।