हर्ष फायर में महिला घायल, टीनशेड फाड़कर गोली घर में पहुंची

ग्वालियर:  रविवार की रात हर्ष फायर में एक महिला के घायल हो गई। महिला घर के अंदर सफाई कर रही थी तभी अचानक आकर गोली उसके हाथ को चीरते हुए निकल गई। गोली लगने से वह घायल हो गई है। घटना माधवी नगर की है। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला के हर्ष फायर में घायल होने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया है। आसपास में पुलिस पता लगा रही है कि गोली कहां से चली है।

माधवी नगर में रहने वाले प्रेमचन्द्र राठौर किराना व्यवसायी हैं। घर के नीचे ही उनकी किराना की दुकान है। जब वह अपनी दुकान में बैठे थे और पत्नी आरती घर की साफ सफाई कर रही थी। तभी अचानक पत्नी के चीखने की आवाज सुनाई दी। प्रेमचन्द्र अंदर घर में पहुंचे तो देखा कि पत्नी के हाथ में गहरा घाव था और खून बह रहा था। उन्हें समझ ही नहीं आया कि यह क्या हुआ है। न तो किसी ने हमला किया है और न ही कोई चोट लगी है। अचानक से आरती को तेज चुभन हुई और हाथ से खून बहने लगा। हां यह घाव होने के समय एक धमाके की आवाज जरुर आई थी। महिला को लेकर उसका पति तत्काल अस्पताल पहुंचा।

यहां डॉक्टर ने घाव को देखा तो वह गन शॉट लगा। गोली लगने की बात डॉक्टरों ने महिला के परिजन को बताई। गोली की बात सुन परिजन भी घबरा गए और इस घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर जा पहुंची और पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। प्रारंभिक पड़ताल में पुलिस ने पाया कि जहां आंगन में महिला झाडू लगा रही थी उसके ठीक ऊपर टीन शेड लगा है। उसमें छेद तक हो गया है। पुलिस को आशंका है कि किसी ने आसपास हर्ष फायर किया है। गोली बाहर कहीं टकराकर टीनशेड को चीरते हुए महिला को लगी है। इसलिए उसकी रफ्तार कम हो गई थी। वरना इसमें किसी की जान भी जा सकती थी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के द्वारा की गई फायरिंग पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

नव भारत न्यूज

Next Post

प्रोफेसर भरत मिश्रा ग्रामोदय विश्वविद्यालय के नए कुलपति बने

Mon Nov 29 , 2021
सतना : मध्यप्रदेश के महामहिम राज्यपाल और कुलाधिपति मंगुभाई पटेल ने रविवार को महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान के प्राध्यापक आचार्य प्रोफेसर भरत मिश्रा को कुलपति पद पर नियुक्ति प्रदान की है। कुलाधिपति श्री पटेल ने प्रो भरत मिश्रा को 4 वर्ष की कालावधि के लिए कुलपति […]

You May Like