मुरैना: जिले के निवासी एक सैनिक को सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। जवान की मौत ड्यूटी के दौरान करंट लगने के कारण हुई है। सोमवार को जवान के गांव अखेपुरा, दिमनी में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। भारतीय सेना में पदस्थ रघुराज सिंह तोमर पुत्र इंद्रवीर सिंह तोमर, निवासी अखेपुुरा गांव, भारतीय सेना में मई 2012 में भर्ती हुए थे। मई 2021 को वह आखिरी बार मुरैना अपने गांव अवकाश पर आए थे। वह आर्मी की ट्रेन से जा रहे थे।
वह ग्वालियर में 256 ईएमई फील्ड वर्कशॉप कंपनी में पदस्थ थे। उनकी ट्रेन जयपुर से गुजरी। वह जयपुर रेलवे जंक्शन पर ट्रेन पर लदे आर्मी के सामान को रख रहे थे। उसी दौरान उनका सिर रेलवे की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया था। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने पर उनके सिर में करंट लग गया जिससे वे गंभीर रुप से झुलस गए। कुछ दिनों तक वह अस्पताल में भर्ती रहे। उसके बाद उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई.
जवान रघुराज सिंह तोमर को दो दिन बाद अपने गांव छुट्टी पर आना था। उनके छुट्टी पर आने की सूचना पर उनकी पत्नी पूूजा व उनके दोनों बच्चे बहुत प्रसन्न थे। उनकी पत्नी का नाम पूजा तोमर है। उनके एक बेटा व एक बेटी है। बेटा 5 वर्ष का है तथा बेटी 3 वर्ष की है। लेकिन विधाता को कुछ और ही मंजूूर था। वह नहीं आ सके लेकिन उनकी मौत की खबर आ गई।वीर जवान रघुराज सिंह तोमर का अंतिम संस्कार उनके गांव अखेपुरा में सैनिक सम्मान के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस व प्रशासन के सभी अधिकारी उपस्थित रहेंगे।