नरेन्द्र सिंह व सिंधिया की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ
ग्वालियर: भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में देश के सर्वाधिक प्रतिष्ठापूर्ण महोत्सव “तानसेन समारोह” की आज रात्रि भव्य शुरुआत हुई। समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में हुआ। समारोह में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर व केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन एवं अध्यात्म विभाग की मंत्री श्रीमती ऊषा ठाकुर ने की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में संगीत सम्राट को नमन करते हुए कहा कि ग्वालियर में आयोजित होने वाले तानसेन समारोह को और अधिक भव्य बनाने के लिए राज्य सरकार अपने स्तर पर और अधिक प्रयास करेगी। समारोह में नव आयाम जोड़े जाएंगे।
तानसेन समाधि स्थल पर परंपरागत ढंग से उस्ताद मजीद खाँ एवं साथियों ने रागमय शहनाई वादन किया। इसके बाद ढोलीबुआ महाराज नाथपंथी संत सच्चिदानंद नाथ ने संगीतमय आध्यात्मिक प्रवचन दिए।यहाँ हजीरा स्थित तानसेन समाधि स्थल पर शहनाई वादन, हरिकथा, मिलाद, चादरपोशी और कव्वाली गायन हुआ। सुर सम्राट तानसेन की स्मृति में पिछले 96वर्ष से आयोजित हो रहे तानसेन समारोह में देश और दुनियाँ के ब्राम्हनाद के शीर्षस्थ साधक तानसेन समाधि परिसर से गान मनीषी तानसेन को स्वरांजलि अर्पित करने आए हैं।