भिंड: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने यहाँ कांग्रेस की जनआक्रोश सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का साथ मत दो, कमलनाथ का साथ मत दो, सच्चाई का साथ दो, सच्चाई पहचान लो। प्रदेश का मुख्य मंत्री शिवराज स्वयं काे किसान हितैषी बताते हैं। पूरे प्रदेश का किसान पीड़ित व शोषित है। किसान को ठगा जा रहा है। युवा बेरोजगार है। महिलाएं पीड़ित है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की सरकार जनापेक्षाओं के विपरीत है।
कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए कहा कि शिवराज पहले 17 साल का हिसाब दें। मैं कांग्रेस शासन का पंद्रह महीने का हिसाब देने के लिए तैयार हूं। उन्होंने ऐसा प्रदेश कांग्रेस को सौंपा था जिसमें महिला, नौजवान किसानों पीड़ित था। कांग्रेस को ऐसे प्रदेश को सौंपा गया था जिसे पटरी पर लाने के लिए कांग्रेस को पंद्रह महीने मिले हैं। इन पंद्रह महीनों में ढाई महीने आचार संहिता और चुनाव में निकल गए थे।
पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सबसे बड़े झूठे है। उनकी करनी और कथनी में अंतर है। वे स्थानीय मुद्दे पर भी बोले। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल, चंबल व क्वांरी की बीहड़ों में स्थापित होना था, उसे ग्वालियर के नेता शहर के नजदीक ले गए। पूर्व मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने स्थानीय लोगों की पुलिस व सेना में भर्ती जैसे मुद्दों को उठाया और भाजपा को घेरा।
पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने कहा कि शिवराज सिंह के शासन में जिले के युवाओं पर अत्याचार हो रहा है। बोर्ड परीक्षा से कलेक्टर ने कई सैकड़ा परीक्षार्थियों को वंचित कर दिया है। बोर्ड से पौने दस बजे तक का टाइम परीक्षा केंद्र पर बैठने का निर्धारित था। कलेक्टर ने पौने नौ बजे ही प्रवेश प्रतिबंध करा दिया। उन्होंने ब्राह्मण व दलितों पर होने वाले अत्याचार की बात भी कही। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा ने कांग्रेस की गतिविधियों पर रूपरेखा रखी।युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कांग्रेस की नीतियों के बारे में बताया और कहा कि जनता का साथ मिल जाए तो किसी में दम नहीं कि कांग्रेस की सरकार बनाने से कोई रोक सके।