हमें विकास के साथ-साथ संस्कारों का विस्तार करना है: शिवप्रकाश

भोपाल,(वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश ने कहा कि आज जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं वहां विकास के साथ-साथ संस्कार भी दिखाई देते हैं। जहां हमारी सरकारें नहीं हैं, वहां कानून बनने के बाद भी कई राज्य उन्हें लागू करने में भी अड़चनें पैदा करते हैं।
समर्पण निधि अभियान के संबंध में यहां आयोजित बैठक में श्री शिवप्रकाश ने यह बात कही। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत विशेष रुप से उपस्थित रहे। इनके अलावा केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार खटीक, केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल, मप्र शासन के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा भी मंचासीन रहे। बैठक में सांसद, विधायक, निगम-मण्डलों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों ने भाग लिया।

श्री शिवप्रकाश ने उदाहरण देते हुए कहा के केन्द्र सरकार ने नई शिक्षा नीति बनाई, लेकिन भाजपा शासित राज्यों को छोड़कर अन्य राज्य नई शिक्षा नीति को लागू नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा बूथ विस्तारक अभियान हो या फिर कोई अभियान हो, हमारा संगठन जितना मजबूत होगा, उतना लाभ पार्टी को आने वाले समय में मिलने वाला है। उन्होंने बूथ विस्तारक अभियान की सफलता की चर्चा करते हुए कहा कि समर्पण निधि अभियान पार्टी को स्वाबलंबी बनाने का अभियान है, लेकिन समर्पण निधि जुटाने का काम हमें पार्टी के संस्कारों को सुरक्षित रखते हुए करना है।
उन्होंने कहा कि भारतीय मान्यता के अनुसार पुण्य का धन अधिक मूल्यवान होता है और हमें इस बात को समर्पण निधि अभियान के दौरान भी याद रखना है।
प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने इस अवसर पर कहा कि पार्टी के बूथ विस्तारक अभियान में हमारे कार्यकर्ताओं ने जिस प्रकार की ऊर्जा के साथ काम किया उसे समर्पण निधि अभियान में भी बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि हमारे आईटी के कार्यकर्ताओं के माध्यम से बूथ विस्तारक अभियान में जिस प्रकार से टेक्नोलॉजी का प्रयोग कर संगठन की मजबूती के लिए काम किया गया, वह निश्चित रूप से मध्यप्रदेश के संगठन को पूरे में अग्रणी भूमिका में रखता है।
उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं की लगन और प्रतिबद्धता के कारण ही हजारों बूथों का डीजिटाइजेशन हो पाया है। इस अभियान में जिस तरह हमारे हजारों युवा कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ काम किया वह प्रशसंनीय है और हमें समर्पण निधि अभियान में भी इसी तरह काम करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियानों की सफलता कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास बढ़ाती है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे संगठन की ताकत हमारे कार्यकर्ता हैं। जो काम हमारे कार्यकर्ता कर सकते हैं वो काम अन्य दलों के कार्यकर्ता नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि बूथ विस्तारक अभियान हो या फिर निधि संग्रह का मामला हो, हमारे कार्यकर्ता जिस प्रकार से जुटते हैं वे उसे सफल बनाकर ही रहते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार के लिए काम करना हमारा दायित्व है।
उन्होंने कहा कि वे भले ही मुख्यमंत्री हैं लेकिन उनका असली पद कार्यकर्ता का ही है। वे भी संगठन के विस्तार और बूथ के सशक्तिकरण के लिए बूथ विस्तारक अभियान के दौरान विभिन्न जिलों में गया। उन्होंने कहा कि बूथ की टीम को मजबूत बनाना आवश्यक है।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि समर्पण अभियान को सफल बनाने के लिए हमें बूथ की समितियों को केंद्र में रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत हमें गांव-गांव प्रवास करके, अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए, क्योंकि यह सिर्फ धन संग्रह का अभियान नहीं, बल्कि जन संग्रह का अभियान भी है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि बूथ विस्तारक अभियान में हमारे कार्यकर्ताओं ने पूरे समर्पित भाव से काम किया। हमारा यह अभियान इसलिए भी ऐतिहासिक रहा क्योंकि इसमें प्रदेश के हजारों बूथों का फिजिकल वैरीफिकेशन तो किया ही, साथ ही डिजिटल भी डाटा एकत्रित करने का काम किया गया। इसी क्रम में उन्होंने बताया कि हम कुशाभाऊ ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष को संगठन पर्व के रूप में मना रहे हैं। इस संगठन पर्व के दौरान हमारे जनप्रतिनिधि संगठन के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि श्री ठाकरे ने आजीवन सहयोग निधि की परिकल्पना दी थी। हमें समर्पण निधि अभियान को सफल बनाकर स्व. श्री ठाकरे की भावनाओं के अनुरूप संगठन को आत्मनिर्भर बनाना है।
इसी क्रम में केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि हमारा संगठन का अनुशासन हमारी पार्टी की सबसे बड़ी विशेषता है। इसका प्रमाण हमें बूथ विस्तारक अभियान के दौरान भी देखने को मिला। हमारे संगठन का अनुशासन हमें अन्य दलों से अलग बनाता है। उन्होंने कहा कि हमारे संगठन के लिए काम करने वाला सबसे पहला कोई व्यक्ति है तो वह हमारे बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। हमें उसकी ऊर्जा का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बूथ विस्तारक अभियान के दौरान जिस प्रकार से टेक्नोलॉजी का प्रयोग किया गया वह अद्भुत था।
बैठक के प्रारंभ में प्रदेश संगठन मंत्री सुहास भगत ने बैठक में उपस्थित प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री शरदेन्दु तिवारी ने एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन ने आभार व्यक्त किया।

नव भारत न्यूज

Next Post

रूस द्वारा परमाणू हथियारों के प्रयोग का खतरा नहीं : व्हाइट हाउस

Fri Feb 25 , 2022
वाशिंगटन, 25 फरवरी (वार्ता/स्पूतनिक) व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका को डोनबास सैन्य अभियान के बीच रूस के परमाणु हथियारों के इस्तेमाल का खतरा बढ़ने की आशंका नहीं है। जब सुश्री साकी से एक प्रेस वार्ता के दौरान पूछा गया कि क्या रूस […]

You May Like