भिंड: जिले में होली का त्योहार खून खराबे के बीच मना। यहां होली पर रंग डाले जाने से लेकर डीजे बजाने को लेकर और हाेली की फेरी में गोलियां चली। दो घटनाओं में एक की मौत हो गई, जबकि दो घायल है। घायलों में दोनिया पुरा का पटवारी को उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।पहली घटना उमरी थाना क्षेत्र की है। यहां चरी कचनाव गांव में होली का त्योहार शांति पूर्वक मनाया जा रहा था। गांव के पूर्व उप सरपंच के घर लोगों का आना जाना चल रहा था। डीजे पर होली के गाने बजाए जा रहे थे। लोग रंग गुलाल उड़ा रहे थे। उप सरपंच के परिवार के सदस्य रामू सिंह भदौरिया के घर के सामने ही सरपंच का मकान है।
डीजे को लेकर सरपंच पति रंजीत सिंह भदौरिया ने विरोध किया। इस बात पर उप सरपंच के परिवार के सदस्य रामू और लोकेंद्र के साथ विवाद हो गया। पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई फिर पथराव हुआ। उमरी थाना प्रभारी विनय तोमर के मुताबिक सरपंच पति रंजीत ने लाइसेंसी बंदूक से फायर किए। फायरिंग के दौरान एक गोली लोकेंद्र के सीने को पार कर गई जिससे वो जमीन पर गिर पड़ा। दूसरी गोली रामू को छूती हुई निकली। इस वजह से वो घायल हो गया।
इधर गोरमी थाना क्षेत्र के दोनिया पुरा गांव में होली की फेरी के दोरान बच्चों के आगे पीछे चलने के दौरान विवाद हो गया। विवाद में शाम तक बड़े भी कूंद पड़े। इस दौरान दो लोगों ने एक पटवारी पर निशाना साधते हुए कट्टे से फायर कर दिया। इस घटना में गोहद में पदस्थ पटवारी नेक सिंह नरवरिया के गोली सीने में दाहिने ओर जाकर लगी। इस घटना के बाद घायल को सीधे ग्वालियर रेफर किया गया। घटना के बाद परिवार के सदस्य ज्यादा कुछ बताने को तैयार नहीं है। टीआई सुरेंश चंद्र शर्मा के मुताबिक इस मामले में दो लोगों के नाम सामने आ रहे है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।