गुना, 14 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के गुना जिले के जंगल में आज तड़के शिकारियों के हमले में तीन पुलिस कर्मचारियों के शहीद होने की घटना के कुछ ही घंटों बाद देर शाम पुलिस मुठभेड़ में एक और आरोपी शहजाद मारा गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुठभेड़ राघौगढ़ थाना क्षेत्र के खैराई गांव के पास हुयी। मुठभेड़ के दौरान शहजाद खान मारा गया। इसके पहले नौशाद नाम का आरोपी का शव भी आज गुना जिले के राघौगढ़ और आरोन क्षेत्र में मिला था।
ये दोनों आरोपी तड़के आरोन क्षेत्र के जंगल में पुलिस दल पर गोली चलाने की घटना में शामिल थे। बताया गया है कि इन दोनों के अलावा पुलिस को अब तक पांच और आरोपियों के हमले में शामिल होने की जानकारी मिली है।
सूत्रों ने कहा कि पुलिस इन आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए खोज रही है। शहजाद को भी पकड़ने के लिए पुलिस के विभिन्न दल संभावित क्षेत्रों में दविश दे रहे थे। आमना सामना होेने पर उसने पुलिस पर हमला करते हुए भागने की कोशिश की। इस दौरान हुयी मुठभेड़ में वह मारा गया।
इस बीच बताया गया है कि आरोन क्षेत्र के जंगल में आज तड़के जिस जगह काले हिरण और मोर का शिकार करने वाले बदमाशों का पुलिस दल से आमना सामना हुआ था, वहां पर वन्यजीवों का मांस, अंग और अन्य सामान भी मिला है। बताया गया है कि राघौगढ़ के पास स्थित एक गांव में एक आरोपी के परिवार में विवाह था। वन्यजीवों का मांस कथित तौर पर विवाह समारोह में शामिल मेहमानों के लिए ले जाया जा रहा था।
आरोन के पास जंगल में आरोपियों ने काफी नजदीक से गोली चलाकर तीन पुलिस कर्मचारियों की हत्या कर दी। इसके बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।