नगरपालिका सीधी एवं नगर परिषद चुरहट में कांग्रेस को मिली भारी जीत, नगर परिषद परिषद मझौली एवं रामपुर नैकिन में भाजपा को मिला पूर्ण बहुमत, विजयी प्रत्याशियों का निकला विजय जुलूस
सीधी : जिले के नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस को ऐतिहासिक सफलता मिली है। नगरपालिका परिषद में 18 वर्ष बाद कांग्रेस का अध्यक्ष बनेगा। कांग्रेस ने जहां नगरपालिका सीधी एवं नगर परिषद चुरहट में पूर्ण बहुमत हासिल किया है। वहीं भाजपा को नगर परिषद मझौली एवं रामपुर नैकिन में पूर्ण बहुमत मिला है। चुनाव परिणामों की घोंषणा होने के बाद सभी विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरित किये गये। इसके बाद प्रत्याशियों का विजय जुलूस निकला।नगरपालिका परिषद सीधी-कलेक्टर एवं रिटर्निंग ऑफिसर नगर पालिका परिषद सीधी मुजीबुर्रहमान खान के निर्देशन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शासकीय संजय गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी के पुराना भवन में नगर पालिका परिषद सीधी के पार्षद पदों की मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार श्रीवास्तव तथा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक आर.एस.कनेरिया उपस्थित रहे। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बी.के.पाण्डेय तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले द्वारा मतगणना कार्य के दौरान सतत रूप से निगरानी रखी गई। मतगणना के बाद इनके चुनाव परिणाम घोषित कर दिये गये हैं। इनमें इंडियन नेशनल कांग्रेस के 14, भारतीय जनता पार्टी के 6, आम आदमी पार्टी के एक तथा 3 निर्दलीय पार्षद विजयी घोषित हुये हैं।
इस संबंध में रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया कि नगर पालिका परिषद सीधी के वार्ड क्र. 1 से सोनवती जायसवाल भाजपा, वार्ड क्र. 2 से विनोद कुमार कांग्रेस, वार्ड क्र. 3 से काजल वर्मा कांग्रेस, वार्ड क्र. 4 से कंचन सिंह कांग्रेस, वार्ड क्र. 5 से आनंद कुमार परियानी भाजपा, वार्ड क्र. 6 से हल्के सोनी निर्दलीय, वार्ड क्र. 7 से आनंद बहादुर सिंह कांग्रेस तथा वार्ड क्र. 8 से रमेश साकेत कांग्रेस, वार्ड क्र. 9 से मेनका सिंह कांग्रेस, वार्ड क्र. 10 से ओंकार सिंह कांग्रेस, वार्ड क्र. 11 से शिवांकी सिंह कांग्रेस तथा वार्ड क्र. 12 से शुभा देवी कोल भाजपा, वार्ड क्र. 13 से कुमुदिनी सिंह कांग्रेस, वार्ड क्र. 14 से रजनीश कुमार श्रीवास्तव कांग्रेस, वार्ड क्र. 15 से कीर्ति चौरसिया निर्दलीय तथा वार्ड क्र. 16 से जमुना कोल भाजपा, वार्ड क्र. 17 से सोनम सोनी कांग्रेस, वार्ड क्र. 18 से सीमा सिंह कांग्रेस, वार्ड क्र. 19 से पूनम सोनी भाजपा, वार्ड क्र. 20 से बाबूलाल निर्दलीय, वार्ड क्र. 21 से शीला बंसल आम आदमी पार्टी, वार्ड क्र. 22 से दान बहादुर सिंह कांग्रेस, वार्ड क्र. 23 से विभा सिंह कांग्रेस तथा वार्ड क्र. 24 से गीता सिंह भाजपा विजेता घोषित किये गये हैं। विजेताओं को रिटर्निंग आफीसर द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
नगर परिषद मझौली- नगर परिषद मझौली में सभी 15 वार्डों में द्वितीय चरण में मतदान कराया गया था। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उपखण्ड अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर नगर परिषद मझौली सुरेश अग्रवाल के निर्देशन में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मझौली में मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। मतगणना के बाद इनके चुनाव परिणाम घोषित कर दिये गये हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के 11, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 2 तथा 2 निर्दलीय पार्षद विजयी घोषित हुये हैं। इस संबंध में उपखण्ड अधिकारी श्री अग्रवाल ने बताया कि नगर परिषद मझौली के वार्ड क्र. से अनीता निर्दलीय, वार्ड क्र. 2 से मीना भाजपा, वार्ड क्र. 3 से संध्या कांग्रेस, वार्ड क्र. 4 से सुशीला सिंह भाजपा, वार्ड क्र. 5 से पार्वती कोल भाजपा, वार्ड क्र. 6 से लवकेश सिंह भाजपा, वार्ड क्र. 7 से उदयभान भाजपा, वार्ड क्र. 8 से हितेश गुप्ता भाजपा, वार्ड क्र. 9 से शंकरलाल भाजपा, वार्ड क्र. 10 से रंजना गुप्ता भाजपा, वार्ड क्र. 11 से गोविंद भाजपा, वार्ड क्र. 12 से अवधेश कोल भाजपा, वार्ड क्र. 13 से हिमांशु तिवारी भाजपा, वार्ड क्र. 14 से संध्या यादव कांग्रेस तथा वार्ड क्र. 15 से प्रीती निर्दलीय विजेता घोषित किये गये हैं। विजेताओं को रिटर्निंग आफीसर द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
नगर परिषद रामपुर नैकिन-
नगर परिषद रामपुर नैकिन में सभी 15 वार्डों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तहसीलदार एवं रिटर्निंग ऑफिसर नगर परिषद रामपुर नैकिन मणिराज सिंह बागरी के निर्देशन में शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रामपुर नैकिन में मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। मतगणना के बाद इनके चुनाव परिणाम घोषित कर दिये गये हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के 8 एवं इंडियन नेशनल कांग्रेस के 7 पार्षद विजयी घोषित हुये हैं। इस संबंध में रिटर्निंग ऑफिसर श्री बागरी ने बताया कि नगर परिषद रामपुर नैकिन के वार्ड क्र.1 से रामकली कोल कांग्रेस, वार्ड क्र.2 से नारेन्द्र सिंह भाजपा, वार्ड क्र. 3 से नागेंद्र सिंह भाजपा, वार्ड क्र. 4 से गुडिय़ा भाजपा, वार्ड क्र. 5 से रामकुमार साहू भाजपा, वार्ड क्र. 6 से प्रभा सिंह बघेल कांग्रेस, वार्ड क्र. 7 से सावित्री साहू भाजपा, वार्ड क्र. 8 से सुनीता बसोर कांग्रेस, वार्ड क्र. 9 से कुलदीप सिंह कांग्रेस, वार्ड क्र. 10 से जगदीश प्रसाद कोल कांग्रेस, वार्ड क्र. 11 से मीरा गुप्ता भाजपा, वार्ड क्र. 12 से अतुल कुमार गुप्ता कांग्रेस, वार्ड क्र. 13 से संगीता भाजपा, वार्ड क्र. 14 से रवि साकेत भाजपा तथा वार्ड क्र. 15 से शकुंतला गौतम कांग्रेस विजेता घोषित किये गये हैं। विजेताओं को रिटर्निंग आफीसर द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
नगर परिषद चुरहट-
नगर परिषद चुरहट में सभी 15 वार्डों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उपखण्ड अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर नगर परिषद चुरहट एस.पी.मिश्रा के निर्देशन में शा. बालक उच्च.माध्य. विद्यालय चुरहट में मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। मतगणना के बाद इनके चुनाव परिणाम घोषित कर दिये गये हैं। इनमें इंडियन नेशनल कांग्रेस के 10, भारतीय जनता पार्टी के 3, पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के एक तथा एक निर्दलीय पार्षद विजयी घोषित हुये हैं। उपखण्ड अधिकारी श्री मिश्रा ने बताया कि नगर परिषद चुरहट के वार्ड क्र.1 से अफजल खां कांग्रेस, वार्ड क्र. 2 से राजकुमारी कांग्रेस, वार्ड क्र. 3 से अजय पाण्डेय कांग्रेस, वार्ड क्र. 4 से मोतीलाल कोल कांग्रेस, वार्ड क्र. 5 से दिनेश कांग्रेस, वार्ड क्र. 6 से कल्पना पाल पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक), वार्ड क्र. 7 से लीलावती कांग्रेस, वार्ड क्र. 8 से मोनिका गुप्ता कांग्रेस, वार्ड क्र. 9 से शांती पटेल भाजपा, वार्ड क्र. 10 से किरण पटेल कांग्रेस, वार्ड क्र. 11 से उमेश प्रसाद कांग्रेस, वार्ड क्र. 12 से प्रियंका पटेल भाजपा, वार्ड क्र. 13 से सूर्यभान पटेल भाजपा, वार्ड क्र. 14 से कल्पना कुमारी कांग्रेस तथा वार्ड क्र. 15 से कुसुम सोनी निर्दलीय विजेता घोषित किये गये हैं। विजेताओं को रिटर्निंग आफीसर द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
18 वर्ष बाद नपा सीधी में कांग्रेस का बनेगा अध्यक्ष
नगरपालिका परिषद सीधी में इस मर्तबा भाजपा का पांसा उल्टा पड़ गया है। इस बार नपा चुनाव में सर्वाधिक कांग्रेस पार्षदों की जीत के आधार पर कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनता दिखाई दे रहा है। 18 वर्ष बाद कांग्रेस के लिये सुखद क्षण आया है। कारण यह कि इसके पूर्व नपा के तीन कार्यकाल में भाजपा के हांथ में ही नपा की कुर्सी रही है। इस बार भी भाजपा एवं कांग्रेस में अध्यक्ष के पद को लेकर ही चुनाव जंग जारी रहा। जिसमें भाजपा को 6 पार्षद जीत के रूप में मिले हैं वहीं कांग्रेस की संख्या 14 है। 3 निर्दलीय पार्षद भी बने हैं जिसमें से कांग्रेस के ही बागी लोग हैं। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में कांग्रेस पार्टी हाईकमान के निर्देश पर नगरपालिका सीधी में अपना अध्यक्ष बनाने में कामयाब हो सकेगी।
मुख्यमंत्री की सभा का नहीं दिखा असर
नगरपालिका परिषद सीधी में पार्षद पद के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा स्थानीय पूजा पार्क में चुनावी सभा कर पार्टी प्रत्याशियों को जिताने की अपील नगरवासियों से की गई थी। किन्तु मुख्यमंत्री की सभा का कोई विषेश असर सीधी नगरपालिका चुनाव में देखने को नहीं मिला है। कुल 24 वार्डों में महज 6 वार्डों में ही भाजपा प्रत्याशियों की जीत हुई है जो बहुमत से काफी दूर है। परिणाम घोषित होने के बाद शहर में मुख्यमंत्री की सभा को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त रहीं। ऐसा पहली बार हुआ है जब पार्षद पद के चुनाव में मुख्यमंत्री को सभा करनी पड़ी और नतीजा भी पक्ष में नहीं रहा। सीधी नगरपालिका चुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त कांग्रेस के हांथों मिली है।
अपना ही वार्ड नहीं बचा सके सांसद-विधायक
नगरपालिका परिषद सीधी में पार्षद पद के चुनाव में भाजपा से सांसद श्रीमती रीती पाठक व सीधी विधायक केदारनाथ शुक्ल की मेहनत भी रंग लाती नहीं दिखी। दोनो बड़े नेताओं ने अपने ही वार्डों में पार्टी प्रत्याशियों को जिताने में असफल रहे हैं। सांसद के शासकीय निवास स्थित वार्ड क्र. 4 से श्रीमती विभा शर्मा भाजपा की ओर से पार्षद प्रत्याशी रहीं हैं जिन्हें कांग्रेस प्रत्याशी कंचन सिंह के हांथों पराजित होना पड़ा है। वहीं सीधी विधायक केदारनाथ शुक्ला के निज निवास स्थित वार्ड 22 से संजय शुक्ला पार्टी प्रत्याशी रहे हैं। यहां से कां्रग्रेस प्रत्याशी दान बहादुर सिंह चौहान को एकतरफा जीत मिली है। ऐसे में सांसद और विधायक अपने ही निवास वाले वार्डों को नहीं बचा सके हैं। यहां भाजपा प्रत्याशियों को करारी हार मिली है।
रामपुर नैकिन में भाजपा-कांग्रेस में रही कांटे की टक्कर
नगर परिषद रामपुर नैकिन में भाजपा एवं कांग्रेस के बीच कांटे का चुनावी मुकाबला देखने को मिला। यहां भाजपा को कांग्रेस के मुकाबले एक सीट पर बढ़त मिली है। कुल 15 वार्डों के चुनाव में भाजपा को 8 तो वहीं कांग्रेस प्रत्याशियों को 7 सीटों पर जीत हासिल हुई है। ऐसे में माना जा सकता है कि भाजपा कांग्रेस के बीच रोचक मुकाबला रहा है। यहां अब देखना होगा कि नगर परिषद में आखिर किस पार्टी का अध्यक्ष बनता है। दोनो ही दलों द्वारा अपने-अपने पार्टी से अध्यक्ष बनाने की भरपूर कोशिश की जायेगी। वैसे यहां भाजपा के पास 8 पार्षद है जो अध्यक्ष की राह को स्पष्ट कर रहे हैं। फिर भी कांग्रेस की लड़ाई जारी रह सकती है। कारण यह कि अब जोड़-तोड़ की राजनीति जोरों के साथ चल रही है। आने वाले समय में कुछ भी हो सकता है।
मझौली में भाजपा प्रत्याशी को मिली जीत
नगर परिषद मझौली में भाजपा को जीत मिली है। कुल 15 वार्डों के चुनाव में भाजपा ने 11 वार्डों में चुनाव जीत कर अध्यक्ष बनाने का रास्ता साफ कर दिया है। यहां कांग्रेस पार्टी के 2 एवं 2 निर्दलीय उम्मीदवारों को जीत मिली है। पूर्व में यहां कांग्रेस पार्टी के पास अध्यक्ष का पद रहा है। किन्तु इस बार कांग्रेस यहां अपना किला बचाने में कामयाब नहीं हो सकी और भाजपा को चुनाव में एकतरफा जीत हासिल हुई है। जिसमें कई नये चेहरे भी शामिल हैं। जिनको जनता ने स्वीकारा और अपना आशिर्वाद प्रदान किया है। यह क्षेत्र धौहनी विधानसभा अंतर्गत आता है। विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने भी नगर परिषद के चुनाव में खूब पसीना बहाया है। जिसका नतीजा भी दिखाई दिया और 15 वार्डों मे से 11 वार्डो में भाजपा प्रत्याशियों को जीत हासिल हुई है।
चुरहट फतह से उत्साहित हैं कांग्रेसी
नगर परिषद चुरहट में कांग्रेस पार्टी को बेहतर जीत मिली है। पार्टी प्रत्याशियों को जीत से चुरहट में काफी उत्साह बना हुआ है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल के गृह क्षेत्र अंतर्गत चुरहट नगर परिषद में कांग्रेस के जीत का क्रम जारी है। पूर्व में भी कांग्रेस पार्टी के हांथो में ही नगर परिषद चुरहट की कुर्सी रही है। एक बार पुन: जनता ने कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान की है। यहां 15 वार्डों में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को 10 सीट पर विजय हासिल हुई है। भाजपा को 3 वहीं 2 निर्दलीयों को सफलता मिली है। ऐसे में यहां कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष बनने का रास्ता पूरी तरह से साफ है। विधानसभा क्षेत्र के विधायक द्वारा भी चुरहट चुनाव को लेकर काफी मेहनत की गई थी किन्तु नतीजा पक्ष में नहीं आया और यहां कांग्रेस पार्टी को एकतरफा जीत मिली है।
जनता-जनार्दन की हुई जीत: ज्ञान
जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान ने कहा कि नगरपालिका सीधी सहित नगर पंचायत चुरहट में पार्टी को एकतरफा जीत मिली है। रामपुर नैकिन में भी 15 में 7 उम्मीदवार कांग्रेस के जीते हैं। मझौली में यह आंकड़ा जरूर कमजोर है। जो जीत हुई है वह जनता-जनार्दन व कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता की जीत है। आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं के दम पर फतह हासिल कर इतिहास रचने का कार्य करेगी।