जालंधर 05 अगस्त (वार्ता) टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को पंजाब सरकार ने करोड रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है।
पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने गुरुवार को बताया कि टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने देश को 41 साल बाद ब्रान्ज मेडल दिलाया है। पूरे देश के साथ जालंधर के हॉकी खिलाड़ियों के घर पर भी खुशी का माहौल है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने हॉकी टीम के खिलाड़ियों को एक- एक करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है। उन्होने बताया कि वह टीम के स्वागत के लिए हवाई अड्डा के लिए रवाना हो रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि भारतीय हॉकी टीम में सुरजीत हॉकी अकादमी जालंधर के आठ खिलाड़ी शामिल हैं जिनमें से चार खिलाड़ी जालंधर से संबंधित हैं।
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह के घर बधाइयों का तांता लगा है। लोग उनके घर पहुंचकर परिवार वालों को बधाई दे रहे हैं। हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत की मां मनजीत कौर ने कहा कि हम अरदास कर रहे थे और वो कबूल हो गई। हम बहुत खुश हैं कि मेरे बेटे ने देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि अब हम खिलाड़ियों का हवाई अड्डा पर स्वागत करने जाएंगे।
वहीं, ओलंपियन प्रगट सिंह की आंखों में इस जीत के बाद आंसू छलक उठे। भारतीय हॉकी टीम ने 1980 में ओलिंपिक में गोल्ड जीता था। इसके 41 साल बाद भारत को ओलिंपिक का मेडल मिला है। प्रगट सिंह ने कहा कि यह बहुत खुशी तथा भावुकता का पल है। उन्होंने कहा कि हमें नए खिलाड़ी तैयार करने के लिए जमीनी स्तर पर मेहनत करने की जरूरत है।
सुरजित हॉकी सोसायटी के सचिव इकबाल सिंह संधू ने बताया कि टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह जालंधर के मिट्ठापुर, मनदीप सिंह , हार्दिक सिंह जालंधर छावनी के खुसरोपुर और वरूण कुमार जालंधर से संबंधित हैं। उन्होने टीम को बधाई देते हुए ओलंपिक में भारतीय हॉकी महिला टीम की जीत की भी कामना की।