भोपाल, 10 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि डाॅ भीमराव अंबेडकर ने देश का संविधान बताया और सभी को एक सूत्र में पिराेने का काम किया है।
श्री कमलनाथ आज यहां कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में अनुसूचित जाति वर्ग के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि डॉ अंबेडकर ने तो एक अच्छा संविधान तो बना दिया, परंतु यह संविधान अगर गलत हाथों में चला गया तब देश का भविष्य क्या होगा। हम संविधान की रक्षा कैसे रक्षा करेंगे। हमें संविधान ही नहीं, बल्कि संस्कृति का भी रक्षक बनना है। आने वाली पीढ़ी को कैसा भारत सौंपना चाहते हैं, यह बड़ी चुनौती सबसे सामने है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और आदिवासी वर्ग का प्रभाव 150 सीटों पर होता है, जिससे सरकार बनती है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को एकजुट कर घरों और मोहल्लों तक पहुंचकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों को बताना होगा। कैसे अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के अधिकारों को समाप्त किया जा रहा है, यह बड़ा प्रश्न हम सबके सामने है। इससे हमें कैसे निपटना है, समझना होगा। भाजपा धर्म, भाषा और जाति के आधार पर सबको आपस में लड़ाना चाहते है। उन्होंने कहा कि जनता में भ्रम फैलाकर देश को लूटने का काम कर रहे हैं। हमें संविधान और संस्कृति का रक्षक बनकर देश के भविष्य की रक्षा करना होगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश लिलोटिया ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर हमेशा कहते थे जो समाज अपने आप में जानकारी नहीं रखता, वह इतिहास में कभी तरक्की नहीं कर सकता। अनुसूचित जाति के अंदर बहुत सारी उप जातियां है, जिनसे हमें बहुत उम्मीद होती है, उनको साथ लेकर चलना हमारी पहली प्राथमिकता है।
मप्र कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने प्रदेश भर से आये कार्यकर्ताओं से कहा कि अजा वर्ग पूरी जिम्मेदारी के साथ कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने के लिए तैयार बैठा है, इस वर्ग को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के हिम्मत और साहस की जरूरत है। प्रदेश की भाजपा सरकार से यह वर्ग पूरी तरह त्रस्त और परेशान है। लोग महंगाई, बरोजगारी और अन्य परेशानियों से जूझ रहा है।
इस सम्मेलन में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा पूर्व मंत्री एवं विधायक लखन घनघोरिया, विधायक विजय लक्ष्मी साधो सहित प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधरी, उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर, राजीव सिंह, अशोक सिंह, पूर्व सांसद आनंद अहिरवार, कांग्रेस पदाधिकारी, अजा वर्ग के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।