कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह में सीएम कमलनाथ का ऐलान
नवभारत न्यूज भोपाल, मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कहा कि आज का दिन कांग्रेस के लिए बड़ा दिन हैं. कांग्रेस ने देश को संविधान व व्यवस्था दी. प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने में किसानों, युवाओं के साथ सभी पार्टी जनों ने काफी मेहनत की. अब कांग्रेस अपने वचन को पूरा करेंगी. किसान कर्ज माफी के बाद प्रदेश में किसानों के बिजली बिल जल्द ही हॉफ किए जाएंगे.
सीएम कमलनाथ आज यहां पार्टी के 133 वे स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को यह भी भरोसा दिलाया कि प्रदेश में किसानों को किसी तरह की परेशानी नही आने दी जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को कांग्रेस पर भरोसा है और कांग्रेस से ही उम्मीद है. आज का दिन भारत के ही नहीं विश्व के इतिहास में दर्ज है. हमारे महान नेताओं ने कांगे्रस की स्थापना की थी, जिन्होंने भारत को आजाद कराया.
इन नेताओं ने देश के संविधान और आने वाली पीढ़ी को संस्कार दिये. कांगे्रस ही ऐसा दल है जो गर्व से कह सकता है कि देश में जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हैं वे कांगे्रस के ही हैं. जो दल राष्ट्र्रवाद की बात करते हैं उनके यहां एक नाम भी ऐसा नहीं, जिसने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया हो. वे किस मुंह से राष्ट्रवाद की बात करते हैं.
कार्यक्रम में कैबीनेट मंत्री पी.सी. शर्मा, पूर्व मंत्री सुरेश पचैरी, कांग्रेस पदाधिकारी संजय कपूर, राजीव सिंह, प्रकाश जैन, शोभा ओझा, सुरेन्द्र सिंह ठाकुर, नरेन्द्र सलूजा, भूपेन्द्र गुप्ता, अभय दुबे, आरिफ समूद, मांडवी चैहान, बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे.
सीएम ने ध्वजारोहण कर परेड की ली सलामी
इससे पूर्व प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश कांगे्रस कार्यालय में कांग्रेस के 134 वें और सेवादल के 96 वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस का ध्वज फहराया और झंडे को सलामी दी. इसके बाद राष्ट्रगीत वंदे मातरम, झंडा ऊंचा रहे हमारा और राष्ट्रगान का सामूहिक गान हुआ.
हम हर धर्म का सम्मान करते हैं
सीएम कमलनाथ ने कहा कि हम सांप्रदायिक लोगों को बेनकाब करने का संकल्प लें. इस देश के लोग नफरत की राजनीति से दूर रहना चाहते हैं. आज समाज को बांटने वाली राजनीति से हर नागरिक को लडऩा पड़ रहा है. इस हालत में देश को कांग्रेस की जरूरत है. कांग्रेस विविधता में एकता का सम्मान करने वाली पार्टी है, हर धर्म का आदर करने वाली पार्टी है.
शपथ भी दिलाई
इस मौके पर आर्डऑफर ऑनर के बाद सभी सेवादल कार्यकर्ताओं व पार्टी जनों को प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर और कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष योगेश यादव ने कांग्रेसजनों को पार्टी की रीति-नीति और आदर्शों का पालन करने की प्रतिज्ञा दिलवायी.
कांग्रेस में विविधता में एकता का सम्मान
कमलनाथ ने कहा कि भारत में विभिन्न भाषा-भाषी, विभिन्न जातियां और धर्मों को मानने वाले लोग हैं, लेकिन पूरा भारत आज भी एक झंडे के नीचे खड़ा है. इस अनेकता में एकता की नीव नेहरूजी ने डाली थी. यही कारण है कि पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है कि यहां इतनी विभिन्नता के बाद भी यह देश एक कैसे है और कैसे एक झंडे के नीचे खड़ा है. यह कांगे्रस की ही देन है. हम गर्व से कह सकते हैं कि हम उस संस्था के सदस्य हैं जो जानती है कि भारत को कैसे चलाया जा सकता है.