भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह को 3 लाख 64 हजार 822 मतों से हराया
नवभारत न्यूज भोपाल, भोपाल संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को तीन लाख से अधिक मतों से हरा दिया. साध्वी प्रज्ञा सिंह को चुनाव में जहां 8,66,482 मत वहीं दिग्विजय सिंह को 5,01,660 मत मिले. साध्वी प्रज्ञा को जहां कुल मतों में 61.54 प्रतिशत मत मिले वहीं दिग्विजय सिंह को 35.63 प्रतिशत मत हासिल हुए.
दिग्विजय की हार के बाद कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. मतगणना के पहले चरण से ही साध्वी को बढ़त के साथ दिन भर मतगणना केन्द्र में कांग्रेस नेताओं में मायूसी छाई रही. डाक मतपत्रों की गिनती के बाद ईवीएम से गिनती शुरू हुई. डाक मतपत्रों की गिनती में भी भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर आगे रहीं.
साध्वी को जहां 1270 डाक मत्र मिले वहीं दिग्विजय सिंह को 381 डाक मतपत्र मिले. नोटा को 5430, बसपा के माधोसिंह अहिरवार को 11,250 मत मिले. देश की सबसे हाट सीट मानी जाने वाली भोपाल संसदीय सीट में सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना में पहले राउंड से भाजपा की प्रज्ञा सिंह ठाकुर कांग्रेस के दिग्विजय सिंह पर भारी रहींं.
लगभग हर विधानसभा क्षेत्र में मोदी लहर का असर देखने को मिला. पुरानी जेल स्थित मतगणना स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर जहां दिन भर खुशी की लहर रही तो वहीं दिग्विजय खेमा खामोश बैठा रहा. खुद दिग्विजय सिंह पहले राउंड से मतगणना स्थल पहुंच गए थे, लेकिन छह राउंड में से कोई भी ऐसा राउंड नहीं आया जिसमें उनके चेहरे पर खुशी देखने को मिली हो.
पहले राउंड की गणना में कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह को 22089 वोट मिले तो वहीं भाजपा की प्रज्ञा को 41595 वोट. पहले राउंड में ही 19506 की लीड प्रज्ञा को मिली. दूसरे राउंड में दिग्विजय सिंह 25455 मत मिले तो प्रज्ञा सिंह को 34524 वोट. तीसरे राउंड में दिग्विजय सिंह को 27056 तो प्रज्ञा को 31107 वोट मिले.
चौथे राउंड में दिग्विजय को 23339 मत मिले तो प्रज्ञा को 41231 वोट. इसी प्रकार पांचवें राउंड में 21152 वोट कांग्रेस को तो भाजपा को 39627 वोट मिले. छठवें राउंड में कांग्रेस को 23357 वोट मिले तो भाजपा को 37322 वोट मिले. सातवे राउंड में कांग्रेस 24661 भाजपा को 32658 मत मिले. इसी तरह आखरी राउंड तक भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपनी बढ़त बरकरार रखी. उन्होंने कांग्रेस के दिग्विजय सिंह को तीन लाख से भी अधिक मतों से पराजित किया.
यह मेरी नही हमारे मोदी जी की जीत है. इसके लिए मैं भोपाल की जनता को बधाई देती हूं.
-प्रज्ञा सिंह ठाकुर
भाजपा प्रत्याशी
अपनी हार स्वीकार करता हूं. मैं भोपाल के मतदाताओं का सम्मान करता हूं, उनके फैसले को स्वीकार करता हूं.
-दिग्विजय सिंह
कांग्रेस प्रत्याशी
भाजपा कार्यकर्ताओं में दिन भर रहा उत्साह, मायूस नजर आई कांग्रेस की टीम
- प्रज्ञा ठाकुर मतगणना स्थल पर शाम करीब 4 बजे आईं. उनके आते ही कुछ उत्साहित कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाये
- वहीं इससे पहले चुनाव के दौरान एक दूसरे पर जमकर प्रहार करने वाले दिग्विजय और प्रज्ञा ठाकुर मतगणना के दौरान स्ट्रांग रूम में बने कक्ष में उस समय अपनी हंसी नहीं रोक पाए जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिग्विजय के सामने ही प्रज्ञा को बधाई दी.
- सुबह से ही मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही. इस दौरान हर एक आने जाने वाले को कड़ी चेकिंग के बाद भीतर प्रवेश दिया गया.
- मतगणना स्थल पर मौजूद पार्टी एजेंटों में सुबह के समय शुरूआती रूझान में देश भर में बीजेपी की बढ़त की सूचना से उत्साह रहा.
- भाजपा प्रत्याशी के मतगणना कार्य में लगे कई एजेंटों ने तो पार्टी की शुरूआती जीत पर नारे भी लगाए जिन्हें मतगणना कार्य में लगे सुरक्षा अमले ने चुप कराया.
- मतगणना केन्द्र में गिनती कर रहे मतगणना कर्मी पार्टी एजेंटों को हर राउंड की पेटी की सील दिखाकर मतगणना की शुरूआत की.
- हर राउंड की मशीन सभी केन्द्रों पर मतदान कर्मी पार्टी एजेंटों को लहराकर दिखते नजर आए.
- मतगणना केन्द्र के भीतर कांग्रेस जिला अध्यक्ष और कांग्रेस नेत्री विभा पटेल पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दिन भर नजर आईं.
- मतगणना स्थल के सभी केन्द्रों पर कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता सिंह बीच-बीच में जाकर अवकलोकन कर पार्टी एजेंटों से आंकड़ों की जानकारी भी लेती नजर आर्इं.
- कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह भी सुबह के समय पूरे उत्साह के साथ मतगणना केन्द्र के भीतर राउंड लगाते नजर आए.
- दिग्विजय सिंह शुरूआती दौर की बढ़त के बाद काफी मायूस नजर आए.
- कांग्रेस सिंह शाम तक मतगणना केन्द्र पर ही पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ राउंड वार आंकड़ों की स्थिति भी जानकारी भी लेते रहे.
- भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह को जैसे ही मतगणना केन्द्र के भीतर आई पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ नारे लगाकर उनका स्वागत किया
- प्रज्ञा सिंह को कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने मुस्कराते हुए हाथ जोडक़र जीत की बधाई दी.
- भाजपा प्रत्याशी साध्वी और कांग्रेस प्रत्याशी सिंह मतगणना स्थल पर आमने सामने बैठे नजर आए.
- प्रज्ञा सिंह मतगणना केन्द्र जाने से पूर्व आज घर से सीहोर के गणेश मंदिर पहुंची.जहां से दर्शन करने के बाद ही मतगणना केन्द्र आई.
- मतगणना केन्द्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही. इस दौरान हर एक आने जाने वाले को कड़ी चेकिंग के बाद ही परिसर में प्रवेश दिया गया.
- पुरानी जेल के बार दोनों ओर का आने जाने वाले मार्ग को पूरी तरह पूरे समय बंद रखा गया.
- मतगणना केन्द्र के बार किसी भी बाहर व्यक्ति का प्रवेश आज पूरी तरह वर्जित रहा.
- मतगणना केन्द्र के बार आने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को भी शाम के समय सुरक्षा अमले ने दूर खदेड़ दिया.
नेता दिन भर टीवी पर टकटकी लगाए रहे
- लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के साथ ही भाजपा कार्यकर्ता जश्न मनाने लगे तो प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा.
- प्रदेश भाजपा कार्यालय ही एक हाल में पार्टी ने पांच टीवी स्क्रीन लगाई थीं, जिसमें प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता एक साथ बैठकर चुनाव परिणाम देखते रहे. पार्टी ने कार्यकर्ताओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की थी.
- मतगणना शुरू होने पर गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सभागार में रुझान जानने वाले पार्टी समर्थक पहुंचने लगे थे. पीसीसी में भूतल पर राजीव गांधी सभागार में बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी. विधायक लक्ष्मण सिंह दोपहर में पहुंचे, लेकिन वे भी कुछ देर रुकने बाद लौट गए.
- पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ मतगणना के दिन सुबह पीसीसी पहुंचने वाले थे, लेकिन रुझानों को देखने के बाद अपने सरकारी निवास से ही नतीजों पर नजर रखते रहे. मतगणना के रुझान को देखने के लिए पीसीसी के संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर, प्रशासन प्रभारी महामंत्री राजीव सिंह, पीसीसी अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा, उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, प्रदेश प्रवक्ता जेपी धनोपिया ने कमान संभाले रखी.
- तीसरी मंजिल पर बनाए गए कंट्रोल रूम में आईटी और वकीलों की टीम मतगणना के दौरान आने वाली शिकायतों के लिए बैठी थी. यहां भी नेतागण दो टीवी पर नतीजों के रुझान देख रहे थे. धनोपिया ने बताया कि मतगणना के दौरान कोई विशेष शिकायत नहीं आई.